कानपुर स्थित सीएसजेएमयू के 95 प्रतिशत छात्रों के नाम ही वोटर लिस्ट में नहीं हैं। इसका खुलासा बुधवार को ‘अमर उजाला’ व जिला प्रशासन की तरफ से विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित वोटर जागरूकता कार्यक्रम में हुआ।
छात्रों ने अपर नगर मजिस्ट्रेट हरीश चंद्र सिंह और विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. विनोद कुमार सिंह के सामने यह बातें रखीं। मजिस्ट्रेट ने रजिस्ट्रार को एक दिन के अंदर तीन हजार फार्म-6 देने की बात कही। इस फार्म को भरकर जमा करने वाले छात्रों के नाम तत्काल प्रभाव से वोटर लिस्ट में जोड़े जाएंगे।
अपर नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि लिस्ट में उन छात्रों के नाम भी जुड़ सकते हैं जो किसी दूसरे जिले के रहने वाले हैं और यहां रहकर पढ़ाई करते हैं। अपने शिक्षण संस्थान का आईडी कार्ड, आयु प्रमाण पत्र के लिए हाईस्कूल की मार्कशीट और फोटो होनी चाहिए। रजिस्ट्रार ने कहा कि प्रशासन से फार्म मिलते ही सभी विभागों में भेज दिए जाएंगे। वहां से छात्र फार्म लेकर आवेदन कर सकते हैं।