पुखरायां (कानपुर देहात)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-204 मीरपुर क्रॉसिंग के निकट बीती बुधवार की रात झांसी से कानपुर जा रही इंदौर-पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस से सांड़ टकरा गया। सांड़ करीब एक किलोमीटर तक इंजन से फंसा रहा। सहायक स्टेशन मास्टर की सूझबूझ से ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होते बची। कर्मचारियों को बुलाकर इंजन में फंसे सांड़ को निकाला गया।
बुधवार की रात ट्रेन नंबर-9313 (इंदौर-पटना) सुपरफास्ट झांसी से चलकर कानपुर की ओर जा रही थी। चौरा रेलवे स्टेशन पार करने के बाद पुखरायां के रेलवे क्रासिंग 204 के निकट खंभा नंबर-10 -12 के बीच एक सांड़ इंजन की चपेट में आया। स्टेशन से ट्रेन गुजरते वक्त सांड़ फंसा देखकर एएसएम देवेंद्र कुमार सचान ने लाल झंडी दिखाकर ट्रेन रुकवाई। कर्मचारियों को बुलाकर इंजन में फंसे सांड़ को निकालकर करीब 20 मिनट बाद ट्रेन रवाना किया गया। सुबह 8 बजे तक मेन लाइन पर सांड़ का अवशेष पड़ा रहा। लूप लाइन पर पहले से मालगाड़ी खड़े होने के कारण अप और डाउन ट्रेनों को तीसरे ट्रैक से निकाला गया। सुबह ट्रैक एवं कीमैन को बुलाकर सांड़ का मलबा हटाया गया। मेन लाइन से ट्रेनों को निकाला गया। बीती बुधवार की रात में ही किलोमीटर 1287 के खंभा नंबर-26-28, किलोमीटर 1301 के खंभा नंबर-2-4 के मध्य ट्रेनों टकराकर चार मवेशी कट गए। सहायक स्टेशन मास्टर देवेंद्र सचान ने बताया कि सिर्फ 9313 (इंदौर-पटना) सुपरफास्ट एक्सप्रेस 20 मिनट लेट हुई।