अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। शहर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ बायपास के पास तेज रफ्तार बाइक के नीचे ईंट पड़ने से बाइक सवार महिला उछलकर सड़क पर गिर गई। इससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। बाइक गिरने से पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल पति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
लखनऊ जिले के थाना आशियाना के सेक्टर एम वन मोहल्ला निवासी किरन (25) पति हरिपाल के साथ बाइक से शनिवार शाम शहर के पूरननगर मोहल्ला निवासी मामा राजकुमार की बेटी की शादी में शामिल होने आ रही थी। हादसे में किरन के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने किरन को मृत घोषित कर दिया। वहीं हरिपाल का उपचार चल रहा है। मृतका का पांच साल का बेटा विनय है।
-लखनऊ से मामा की बेटी शादी में शामिल होने उन्नाव आ रही थी
- हाईवे पर बाईपास के निकट बाइक के नीचे ईंट पड़ने से हुई घटना