अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। दीपावली यानी स्वच्छता का त्योहार। लोग स्वच्छ माहौल में दीपोत्सव का उत्सव मना सकें, इसी मंशा से पालिका प्रशासन ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत विशेष सफाई अभियान चलाया, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही दिख रही है। अभियान शुरू होने के हफ्तेभर बाद भी शहर के गली कूंचों की बात तो दूर मुख्यमार्गों पर ही कूड़े के ढेर लगे हैं।
पालिका प्रशासन ने 25 अक्तूबर तक शहरी क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चला रखा है। इसके तहत सफाईकर्मियों की कई टीमें लगाई गई हैं। शनिवार दोपहर करीब 12.45 बजे रेलवे रोड मुख्यमार्ग पर महादेवी वर्मा मूर्ति के पास फल, किराना व दालमोठ आदि दुकानों के बाहर कूड़े के ढेर लगे मिले। इसके साथ ही पल्ला गल्ला मंडी में सड़क के बीचोबीच कूड़े के ढेर पर छुट्टा मवेशी लोटते
मिले। इसके साथ ही मोहल्ला नई बस्ती स्थित जीआईसी इंटर कालेज और तलैया फजल इमाम मोहल्ले में सिल्ट पड़ी मिली। दुकानदारों का कहना है कि नियमित कूड़ा नहीं उठाया जाता है। ईओ रोली गुप्ता ने बताया कि त्योहार के चलते दुकानों और घरों में सफाई शुरू है। इसके चलते लोग कूड़ा सड़क पर फेंक देते हैं। उन्होंने
बताया कि विशेष अभियान के तहत कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे रोजाना 10 से 1 बजे तक गली-मोहल्लों में सफाई करें। सोमवार को वह जायजा लेने खुद निकलेंगी। जिस वार्ड में गंदगी मिली तो उस वार्ड के सफाई नायक व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दीपावली तक शहर को हर हाल में चमाचम करवा दिया जाएगा।
विशेष सफाई अभियान की हवा निकली
ईओ बोलीं, रविवार को खुद लेंगी सफाई व्यवस्था का जायजा
लापरवाह सफाई नायकों और सफाईकर्मियों पर होगी कार्रवाई