अजगैन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुसुंभी में खेत में काम कर रहे अधेड़ पर ट्रैक्टर पलट जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मूलरूप से कानपुर देहात के थाना गजनेर के ग्राम कोरारी निवासी महेंद्र सिंह (42) पुत्र हुकुम सिंह अजगैन कोतवाली के कुसुंभी गांव स्थित अपनी ससुराल में रहकर खेती करता था। रविवार दोपहर दो बजे वह अपने खेत में धान की बेड़ लगाने की तैयारी कर रहा था।
उसने गांव के ही एक युवक से घर से ट्रैक्टर लाने को कहा था। युवक उसका ट्रैक्टर लेकर खेत के किनारे पहुंचा ही था कि अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर पलटकर खेत में खड़े महेंद्र के ऊपर गिर गया।
जिससे ट्रैक्टर के नीचे दबकर महेंद्र की मौत हो गई। मृतक के परिवार में पत्नी निशा, तीन बेटियां व दो बेटे हैं। जिसमें दो लड़कियों की शादी हो चुकी है। आर्थिक हालात सही न होने से बच्चों की पढ़ाई नहीं हो पा रही थी। चार बीघा खेती से अब परिवार चलाने की समस्या खड़ी हो गई है।
-मूलरूप से कानपुर देहात के एक गांव निवासी था महेंद्र
-लंबे समय से कुसुंभी स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था
अमर उजाला ब्यूरो