वकीलों ने छिबरामऊ तहसील के गेट पर जड़ा ताला
छिबरामऊ। तिर्वा में वकीलों और एसडीएम के बीच चल रहे विवाद में बार एसोसिएशन तिर्वा के पक्ष में छिबरामऊ के अधिवक्ताओं भी उतर आए हैं। उन्होंने विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी कर तहसील के मेन गेट पर ताला जड़ दिया। बार एसोसिएशन छिबरामऊ के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
बार एसोसिएशन तिर्वा और वहां की एसडीएम शालिनी प्रभाकर के साथ पिछले दिनों हुई तीखी नोकझोंक के बाद वहां के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। बार एसोसिएशन तिर्वा के पक्ष में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मयंक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक हुई।
जिसमें सर्वसम्मति से तय किया गया कि तिर्वा के अधिवक्ताओं का हर संभव सहयोग किया जाएगा। बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन कर तहसील के मेन गेट में ताला जड़ दिया। बाद में न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए एसडीएम रामदास को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर अध्यक्ष मयंक कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामप्रकाश श्रीवास्तव, महासचिव राजीव कुमार दीक्षित, सचिव अमित दुबे, कन्नौज बार एसोसिएशन के महासचिव ऋषभ गोयल, विशाल दुबे, केटी मिश्रा, अंकुर मिश्रा, पूर्व महासचिव सुशील पांडेय, देवेश शुक्ला, कन्हई सिंह राठौर, पुरुषोत्तम तिवारी, विकास गुप्ता, आलोक दीक्षित, इंद्रेश पाल, प्रमोद त्रिपाठी, नवीननाथ, अंकित कुशवाहा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे ।
- तिर्वा में वकीलों और एसडीएम के बीच चल रहे विवाद का मामला
- हड़ताल कर वकीलों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन