अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में फेल होने व नंबर कम आने से नाराज दो छात्राओं ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे उनकी हालत बिगड़ गई। उल्टियां शुरू होने पर परिजनों को जानकारी हुई। परिजनों ने छात्राओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
अचलगंज थानाक्षेत्र के सतकूखेड़ा गांव निवासी राकेश की बेटी ज्योति (15) विवेकानंद इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की छात्रा थी। रिजल्ट निकलने के बाद उसका रिजल्ट फेल शो करने लगा। इससे नाराज होकर उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
वहीं दूसरी घटना गंगाघाट थानाक्षेत्र के बनी कंजौरा गांव निवासी श्याम की बेटी विनीता सफीपुर के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में इंटर की छात्रा थी। रिजल्ट निकलने के बाद नंबर कम पिता ने डांट दिया। इससे नाराज होकर विनीता ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। दोनों छात्राओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार होने के बाद घर भेज दिया गया।
परीक्षा परिणाम से क्षुब्ध दो छात्राओं ने पीया जहरीला पदार्थ
एक ने नंबर कम आने पर दूसरी ने फेल होने पर उठाया कदम
जिला अस्पताल में इलाज के बाद घर ले गए परिजन