चकलवंशी । कस्बे की साधन सहकारी समिति में तत्कालीन सचिव ने 250 से अधिक सदस्य किसानों का 32 लाख रुपये हड़प लिया। सचिव के सेवानिवृत्त होने पर नए सचिव ने जब किसानों का बकाया देखा तो नोटिस भेज दी। इससे किसानों में हड़कंप मच गया। अब किसानों ने एसडीएम को शिकायतीपत्र देकर मामले की जांच कराने और दोषी पूर्व सचिव पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के चकलवंशी में स्थित साधन सहकारी समिति में किसान फसली कर्ज लेकर खाद खरीदते हैं। फसल तैयार होने पर उधार ली गई खाद का भुगतान करते हैं। साधन सहकारी समिति के तत्कालीन सचिव साहबलाल ने 268 किसानों पर खाद का ब्याज सहित 32,74,737 रुपये वसूल तो लिया लेकिन उसे जमा नहीं किया। अगस्त 2018 में साहबलाल सेवानिवृत्त हो गए। नए सचिव प्रदीप पाल ने किसानों पर लाखों रुपये का बकाया देखा तो सभी को नोटिस भेजनी शुरू की।
मेथीटीकुर के रामसरन, जयपाल सिंह, तेजा श्यामनारायन, राजू, जगदीशपुर के अजय कुमार, विजय कुमार, जीतबहादुर और भदनी के ज्ञान सिंह को जब नोटिस मिली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इन लोगों ने बताया कि 2014 में समितियों से उधार खाद ली थी। बाद में फसल तैयार होने के बाद बकाया जमा कर दिया था। हालांकि तत्कालीन सचिव साहबलाल ने किसी को जमा रसीद नहीं दी थी। भदनी के ज्ञान सिंह ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि वर्ष 2014 को 10990 रुपये की खाद खरीदी थी। 2015 में रकम जमा कर दी थी। अब नए सचिव ने 37017 रुपये की नोटिस भेज दी है।
अभिलेखों में पुराना बकाया होने के कारण खाद नहीं मिल पा रही हैै। इस संबंध में तत्कालीन सचिव साहबलाल ने बताया कि किसानों का बकाया धन किसी कारण से जमा नहीं हो पाया था। अब वह जल्द ही जमा कर देंगे। समिति अध्यक्ष जगजीत सिंह ने बताया कि तत्कालीन सचिव और उसके सहयोगी ओमप्रकाश ने किसानों के साथ धोखाधड़ी की है। उन्होंने इसकी जांच कराने की मांग की है।
-तत्कालीन सचिव ने साधन सहकारी समिति के सदस्य किसानों का जमा नहीं किया पैसा
-नए सचिव ने बकाया होने पर नोटिस भेजी तो किसानों को हुई जानकारी