अल्लीपुर। मलवां थाना क्षेत्र के भरसवां गांव में रविवार रात ट्रांसफार्मर फटने में झुलसे चार लोगों में युवा भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई। ग्रामीणों ने हादसे के पीछे बिजली विभाग की लापरवाही बताई है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया था।
बता दें कि भरसवां गांव निवासी गणेश शुक्ला का बेटा शिवम शुक्ला (25), कुलदीप, आनंद पाल, श्रीनिवास रविवार रात ट्रांसफार्मर फटने से गंभीर रूप झुलस गए थे। हादसे के वक्त चारों ट्रांसफार्मर के नजदीक खड़े बातचीत कर रहे थे। जिला अस्पताल से चारों को कानपुर रेफर किया गया था। कानपुर में शिवम शुक्ला की इलाज के देर रात मौत हो गई। घटना की खबर आते मां संगीता बदहवास हो गई। शिवम परिवार का बड़ा बेटा था। छोटा भाई सुंदरम है। पिता किसान हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश में था। वह मलवां ब्लाक में बूथ अध्यक्ष था।
ग्रामीणों ने बताया कि एक माह पहले ट्रांसफार्मर जल गया था। जिसके बाद विभाग से ग्रामीण ट्रांसफार्मर लेकर आए थे। रास्ते का खर्च चंदा करके ग्रामीणों ने उठाया था। अक्सर ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण ट्रिप करता था। ग्रामीणों ने जई अनिल शुक्ला से फोन पर कई बार शिकायत की थी। आरोप है कि ट्रांसफार्मर सही वक्त पर बदल दिया जाता तो यह हादसा नहीं होता। एसडीओ फूलचंद्र ने बताया कि ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने की सूचना उनके पास नहीं आई थी। जेई से पूछताछ की जाएगी। थानेदार अनूप सिंह ने बताया कि शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार किया है। उनकी ओर से तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
झुलसे भाजपा कार्यकर्ता की मौत
- रविवार को ट्रांसफार्मर फटने से हुआ था हादसा
- कानपुर हैलट में थमी सांसें, अन्य की हालत गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो