फर्रुखाबाद। बेटी-दामाद में हुए विवाद को सुलझाने आए पिता को बेटी का शव फंदे से लटकता मिला। इस पर उसने बेटी की ससुराल में हंगामा किया। ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस शिकायत होते ही ससुराली घर छोड़कर भाग निकले।
थाना शमसाबाद के गांव सिरौली निवासी रामदेव मिश्रा की बेटी मोहिनी उर्फ मोना (26) की शादी शहर कोतवाली के आवास-विकास कालोनी निवासी नितिन मिश्रा के साथ फरवरी 2011 में हुई थी। इनका एक तीन साल का बेटा सम्राट और एक साल की बेटी बिट्टो है। मंगलवार को रामदेव को सूचना मिली कि बेटी व दामाद के बीच विवाद हुआ है। वह बेटी की ससुराल पहुंचे। यहां समझाबुझाकर शांत कराया। वह मकान की दूसरी मंजिल पर शो रहे थे। सुबह सोकर उठे तो बेटी का शव पूजा वाले घर में फंदे से लटकता मिला। रामदेव मिश्रा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराली दो लाख व बाइक की मांग कर रहे थे। अतिरिक्त दहेज नहीं देने की वजह से आए दिन मारपीट करते थे। मंगलवार रात को भी ससुरालियों ने दहेज की मांग की थी। उन्होंने देने में असमर्थता जताई। इस वजह से तड़के उनकी बेटी की हत्या कर शव फंदे से लटका दिया गया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस दौरान पति नितिन और उसके परिवार के अन्य लोग घर से भाग निकले। मौके पर पहुंचे सीओ शकील अहमद ने घर में मौजूद मृतका की सास विमलादेवी से पूछताछ की। सीओ ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति नितिन मिश्रा, ससुर ब्रजेंद्र मिश्रा, सास विमला देवी और देवर दीपू के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
ससुराल आए पिता को बेटी का शव मिला
पिता ने ससुरालियों के खिलाफ दर्ज कराई दहेज हत्या की रिपोर्ट
मायके वालों ने बेटी की ससुराल में किया हंगामा, परिजन खिसके
अमर उजाला ब्यूरो