फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अधिवक्ताओं ने मंडलायुक्त से की एसडीएम व पेशकार की शिकायत

विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। कलक्ट्रेट में नगर मजिस्ट्रेट कोर्ट का निरीक्षण करने जा रहे मंडलायुक्त लखनऊ मंडल को अधिवक्ताओं ने बीच रास्ते रोक लिया। उनसे एसडीएम व उनके पेशकार की शिकायत की। मंडलायुक्त ने सभी को मीटिंगहाल में बुलाया। सभी से बात करने के बाद मंडलायुक्त ने डीएम से मामले की जांच कराकर पेशकार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं एसडीएम से कार्यालय में बैठने को कहा।
विज्ञापन



गुरुवार को अधिवक्ता पंकज कुमार श्रीवास्तव, रामप्रताप सिंह राठौर, संजय कुमार शुक्ला व राजेश कुमार सिंह समेत अन्य ने मंडलायुक्त को कलक्ट्रेट के मीटिंगहाल में शिकायतीपत्र सौंपा। बताया कि सदर एसडीएम के न्यायिक अधिकारी, पेशकार व चपरासी धांधली कर रहे हैं। अधिवक्ताओं को लंबे समय से खड़ा रखा जाता है। एसडीएम न तो मुलाकात करती हैं और न ही उनकी बात सुनती हैं। अधिवक्ता पंकज ने बताया कि 9 जनवरी को एसडीएम ने उनकी बात नहीं सुनी और कक्ष से उठकर चली गईं। अधिवक्ताओं ने एसडीएम, पेशकार व अन्य कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग की।


इसके बाद मंडलायुक्त अनिल गर्ग ने कलक्ट्रेट का निरीक्षण किया। प्रथम तल पर स्थित भूलेख कार्यालय में अभिलेखों का रखरखाव देखा। एनआईसी कक्ष को देखने के बाद पुस्तकालय पहुंचे। यहां उन्होंने रैक में रखी कानून की पुरानी पुस्तक स्वयं निकाल कर पन्ना पलटे तो पुस्तक जीर्णशीर्ण हालत में मिली। उन्होंने पुस्तक पर जिल्द चढ़वाने के आदेश दिए। कहा कि ये अमूल्य अभिलेख है। इस तरह का गजट गूगल पर भी नहीं मिलेगा। उन्होंने अभिलेखागार में रैक बढ़ाने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने प्रशासनिक कक्ष का निरीक्षण के दौरान मास्टर रजिस्टर, पटल सहायकों की अलमारी देखी। सीआरए आफि स में राजस्व वसूली आदि की जानकारी ली।
विज्ञापन


समीक्षा बैठक में वसूली बढ़ाने के निर्देश
मंडलायुक्त ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की। उन्होंने राजस्व वादों, राजस्व वसूली, विभिन्न न्यायालयों में दायर वादों का निस्तारण, आवासीय भूमि का आवंटन, पोखरों के आवंटन की प्रगति, कुम्हारीकला, पौधरोपण, चकमार्गों/सार्वजनिक भूमि के अतिक्रमण आदि की जानकारी ली और राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद वह सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक पहुंचे। उन्होंने ब्लाक का सुंदरीकरण करने और एडीओ को अपने कार्य क्षेत्र मुख्यालय में ही रहने के निर्देश दिए। मनरेगा में भुगतान किसी का लंबित न करने के निर्देश दिए। लौटते समय आयुक्त ने कोतवाली अजगैन का निरीक्षण किया। जिसमें जन सुनवाई प्रकरण, कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण एवं कंप्यूटर पर दर्ज मामलों की जानकारी की। डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय, अपर आयुक्त प्रशासन रणविजय यादव, सीडीओ प्रेमरंजन सिंह, एडीएम बीएन यादव, सदर एसडीएम पूजा अग्निहोत्री समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन



-एसडीएम सदर पर कार्यालय में न मिलने और पेशकार पर रिश्वत मांगने का आरोप
-डीएम को मामले की जांच कराकर पेशकार पर कार्रवाई करने के दिए निर्देश
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें