अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। सप्ताह भर पहले वाहन की टक्कर से घायल युवक की कानपुर में मौत हो गई। अन्य मार्ग हादसों में दो बाइक सवार समेत पांच राहगीर घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
कालिंजर थाना क्षेत्र के छिछन गांव का विनोद कुमार (22) पुत्र मर्री लाल एक हफ्ते पूर्व बाइक से नरैनी जाते समय किसी वाहन की टक्कर से घायल हो गया था। बुधवार शाम कानपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता ने बताया कि 6 माह पूर्व उसकी शादी हुई थी।
अन्य घटना में तिंदवारी थाना क्षेत्र के गोखरही गांव का रविनाथ (18) गुरुवार की सुबह बाइक से खेत जाते समय दूसरे बाइक की टक्कर से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार ज्ञानू (19) भी जख्मी हो गया।
गिरवां थाना के रसूलपुर गांव का याकूब (18) गुरुवार की सुबह बाइक से गिरवां जाते समय खुरहंड गांव के पास बाइक को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। याकूब घायल हो गया। देहात कोतवाली क्षेत्र के जारी गांव का राजा (20) गुरुवार की दोपहर पैदल खेत जाते समय स्कूटी की टक्कर से घायल हो गया।
चिल्ला थाना क्षेत्र के पलरा गांव का मजदूर रामपाल (40) बुधवार की शाम दोहतरा से ट्रैक्टर में सीमेंट लादकर पलरा आ रहा था। वह ट्रॉली में बैठा था। रास्ते में धूरा गांव के पास साइप्तकिल सवार बच्ची को बचाने में ट्रॉली पलटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य मजदूर व ग्रामीणों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
अन्य दुर्घटनाओं में दो बाइक सवार सहित पांच जख्मी
बाइक सवार नहीं लगाए थे हेलमेट