रामगोपाल तिवारी
उन्नाव। जिले के दो गांवों को स्मार्ट विलेज बनाया जाएगा। इन गांवों में एक तरफ तो विकास की गंगा बहेगी वहीं दूसरी ओर गांव की हर गली सीसीटीवी कैमरे की नजर में रहेगी। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जनपद के दो गांवों का चयन करके पंचायतीराज विभाग ने आगे की योजनाओं पर काम चालू कर दिया गया है।
पंचायतीराज विभाग के आयुक्त विजय किरन आनंद ने बताया कि दो ऐसे गांवों को स्मार्ट विलेज बनाया जाना है जिनके पास आय के अपने साधन हों। यानी ऐसे पंचायतें जो अपने हाट, बाजार से कमाई कर रही हों। इनमें एक गांव सिकंदरपुर सरोसी का मरौंदा सूचित और सुमेरपुर का जगतपुर है। चयन के बाद गांवों को आधुनिक विकास के संसाधनों से जोड़ने की कवायद शुरू हुई। जानकारों की मानें तो इन गांवों को स्मार्ट विलेज बनाया जाना है। इसके तहत गांव की हर गली में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं। साथ ही गांव को पूरी तरह से खुले में शौचमुक्त किया जाएगा। गांव के प्राथमिक विद्यालय में एक स्मार्टरूम बनाया जाएगा। साथ ही एक शुद्धपेयजल के लिए एक आरओ सिस्टम भी स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा गांव में विकास के अन्य कार्य भी कराए जाएंगे। कुल मिलाकर इन दोनों गांव को विदेशों के स्मार्ट विलेज की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
स्मार्ट विलेज बनने वाले गांवों में पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम (पीएएस) लगाया जाना है। इसके जरिए किसी भी प्रकार की सूचना की जानकारी ग्रामीणों को आसानी से हो सकेगी। गांव पंचायत की बैठक या अन्य किसी भी मामलों की सूचना गांव के लोग तुरंत पा सकेंगे। एनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए किसी भी प्रकार की सूचना की उद्घोषणा की जाएगी।
सरकारी स्कूल में बनाए जाने वाले मॉडलरूम को टाइल्स व सफेदी के जरिए उसे चमकाया जाएगा। यहां पर प्रोजेक्टर, एलसीडी आदि की व्यवस्था होगी। गांव के लोगों को इस मॉडलरूम में उन्हें नेट या पेनड्राइव के जरिए आधुनिक बनाने की जानकारी दी जाएगी। कुल मिलाकर गांव के लोग यहां पर देश-दुनिया की हर जानकारी पा सकेंगे।
कमिशभनर के आदेश पर जिले के दो गांवों को स्मार्ट विलेज बनाया जा रहा है। पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में मरौंदा सूचित व जगतनगर का चयन किया गया है। इन गांवों में संचार के आधुनिक साधनों की व्यवस्था की जा रही है। सफलता मिलने पर अन्य गांवों का चयन किया जाएगा। फिलहाल सूबे में सिद्धार्थनगर जनपद के गांवों को स्मार्ट विलेज बनाया गया है। राजेंद्र कुमार यादव, जिला पंचायतराज अधिकारी, उन्नाव।
दो गांव बनाए जाएंगे स्मार्ट विलेज
सिकंदरपुर सरोसी के मरौंदा और सुमेरपुर के जगतपुर गांव का किया गया चयन
चयन का मानक पंचायतों की बाजार, हाट से आय व गांवों का शौचमुक्त होना जरूरी