इंडेन गैस एजेंसी गोदाम के चौकीदार को बंधकर बनाकर तीन नकाबपोश बदमाशों ने बुधवार देररात पुलिस के इकबाल को खुली चुनौती दी। बदमाशों ने एजेंसी में रखी 40 हजार रुपये की नगदी और 70 सिलिंडरों से भरे पिकअप डाला को लूटकर फरार हो गए।
एजेंसी मालिक बृहस्पतिवार सुबह जब गोदाम पहुंचे तो वारदात की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर बड़े अफसरों को जानकारी दी।
एएसपी पश्चिमी और सीओ हरपालपुर ने भी मौका मुुआयना कर पुलिस को घटना के खुलासे के निर्देश दिए। एजेंसी मालिक की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गुमानीपुरवा मजरा सरैंया निवासी भगवानदीन की बेहटा गोकुल में इंडेन गैस एजेंसी और गोदाम है। गोदाम की रखवाली के लिए हरियावां थाना क्षेत्र के खदरा मजरा सधिनावां निवासी सुरेंद्र (60) चौकीदारी करते हैं।
रात लगभग ढाई बजे एजेंसी के गोदाम परिसर का गेट खटखटाने पर जैसे ही चौकीदार सुरेंद्र ने गेट खोलकर पूछताछ शुरू किया, उसी वक्त तीन बदमाश अंदर घुसे और चौकीदार को काबू में करते हुए गमछे से हाथपांव बांध दिए।
एजेंसी गोदाम परिसर में ही 70 सिलिंडरों से भरा एक पिकअप डाला खड़ा था, जबकि गोदाम में 432 सिलिंडर भी रखे हुए थे। बदमाशों ने एजेेंसी में रखे 40 हजार की नगदी कब्जे में लेते हुए सिलिंडरों से भरे पिकअप को लेकर फरार हो गए।
बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे एजेंसी मालिक भगवानदीन गैस एजेंसी पहुंचे तो वहां चौकीदार सुरेंद्र अंदर बंधे पड़े थे। उन्होंने चौकीदार के हाथपांव खोलकर जब पूछताछ की तो लूट की वारदात का पता चला।
भगवानदीन की सूचना पर बेहटागोकुल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश चंद्र फोर्स संग पहुंचे और चौकीदार से पूछताछ की, फिर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी त्रिगुण विसेन और सीओ हरपालपुर राकेश वशिष्ठ को जानकारी दी।
सूचना पर एएसपी, सीओ एजेंसी पहुंचे और चौकीदार से पूछताछ की। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि भगवानदीन की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
खुलासे को क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की टीमें बनीं
गैस एजेंसी में चौकीदार को बंधक बनाकर सिलिंडर और नगदी लूटे जाने के मामले में एसपी आलोक प्रियदर्शी ने क्राइम ब्रांच की एक टीम को लगाते हुए पुलिस की कई अन्य टीमें भी गठित की हैं। क्राइम ब्रांच की टीम ने बृहस्पतिवार को ही मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और चौकीदार से भी पूछताछ की।
इसके अलावा एसपी ने सर्विलांस टीम को भी खुलासा करने के लिए लगाया है। बेहटा गोकुल थाने की पुलिस की एक टीम भी खुलासे में लगी है। पड़ोसी जनपदों के साथ ही बीते दिनों पाली और शाहाबाद में हुई डकैती की घटनाओं के साथ भी इस घटना का संबंध जोड़कर जानकारी जुटाई जा रही है।
दो थे नकाबपोश, एक के थी दाढ़ी
पुलिस विभाग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों में से दो नकाबपोश थे। एक बदमाश नकाब नहीं पहने था और उसके दाढ़ी थी। चौकीदार से पूछताछ के बाद पुलिस को मिली इस जानकारी के जरिए भी घटना की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है।
गमछे के इसी टुकड़े से बांधा गया था चौकीदार। अमर उजाला- फोटो : HARDOI
गैस गोदाम पर बंधक बनाया गया चौकीदार सुरेंद्र। अमर उजाला- फोटो : HARDOI