हरदोई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामलवा से अपहृत बालक का शव शुक्रवार रात संडीला-बेनीगंज मार्ग पर नाले में पड़ा मिला। परिजनों ने गांव के ही युवक पर अपहरण के बाद हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम रामलवा मजरा मल्हेरा निवासी बराती लाल का पुत्र अनूप पाल (7) गुरुवार शाम छह बजे गांव के ही रामकुमार पुत्र सुरेश पाल के गोड़े में खेल रहा था। इसी दौरान काले रंग की बाइक पर सवार होकर आया एक युवक बहला कर अनूप को साथ लेकर चला गया।
परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कोई पता न चलने पर बराती लाल ने गुरुवार रात ही संडीला कोतवाली में अज्ञात के विरुद्ध बालक के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। शुक्रवार रात आठ बजे अनूप का शव संडीला-बेनीगंज मार्ग पर खमरामऊ और शेखवापुर के बीच बेतवा नाले में पड़ा मिला।
शव मिलने की सूचना पर अनूप के परिजन मौके पर पहुंचे और शिनाख्त की। संडीला कोतवाल जगदीश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि परिजन गांव निवासी एक युवक पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन अभी तहरीर नहीं दी है।