कानपुर। नगर निगम ने लगातार चौथे दिन अभियान चलाकर डबल पुलिया से अर्मापुर एस्टेट की तरफ रफाका नाले तक बुलडोजर चलाया। इसी तरह बड़ा चौराहा से मेस्टन रोड होते हुए मूलगंज चौराहे तक 10 स्थायी और 127 अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए। 49,000 रुपये यूजर चार्ज भी वसूला, पर प्रवर्तन दस्ता लौटते ही शाम को इस रोड पर दोबारा अतिक्रमण नजर आने लगा।
नगर निगम जोन - छह के प्रभारी अभियंता आरके सिंह के नेतृत्व में काकादेव डबल पुलिया से नहर के दोनों तरफ अर्मापुर एस्टेट तक अवैध रूप से बनी दुकानें, घर ध्वस्त करने के लिए 19 दिसंबर को अभियान चलाया गया था। प्रभारी अभियंता ने बताया कि डबल पुलिया से अर्मापुर एस्टेट की तरफ रफाका नाले तक 65 झोपड़ियां थीं सभी तोड़ दी गई हैं। वहां नहर के दोनों तरफ सड़क बन सकती है।
इसी तरह जोन -एक के जोनल अधिकारी विद्या सागर यादव के नेतृत्व में प्रवर्तन दस्ते ने बड़ा चौराहे से मेस्टन रोड पर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया। इससे इस व्यस्त बाजार के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। दस्ते ने अभियान के दौरान अतिक्रमण हटाने के साथ ही अतिक्रमणकारियों से यूजर चार्ज वसूला। साथ ही दो काउंटर, एक बेंच जब्त की। दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। अभियान में कर अधीक्षक आरएस कुशवाहा, राजस्व निरीक्षक संजीव कश्यप, सुरेश कुमार, पीएसी और मूलगंज थाने की पुलिस शामिल रही।