प्रदर्शनी में माॅडल प्रस्तुत करते बच्चे।
- फोटो : संवाद
कानपुर। श्रीनिवास रामानुजन की जयंती पर सोमवार को ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज जवाहरनगर में एंपावरिंग यूथ फॉर इनोवेशन विषय पर विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित हुई। प्रदर्शनी में छात्र उत्कर्ष सिंह, नमन सिंह एवं दिव्य गुप्ता ने स्मार्ट डस्टबिन का मॉडल प्रस्तुत किया जो कूड़ा डालने के समय खुद ही खुलता-बंद होता है तथा पूरा भर जाने पर अपनी स्थिति और लोकेशन नगर निगम को भेजने में सक्षम है।
स्वरित तिवारी व यश द्विवेदी ने एल्गी (काई) से बायोडीजल बनाने के लिए एल्गर बायोडीजल संयंत्र तैयार किया। हर्षित पटेल ने ग्रीन साइकिल सेंटिनल सूर्यमित्रम् का मॉडल प्रस्तुत किया जो एप के माध्यम से घरों से कूड़ा एकत्र कर सेपरेशन यूनिट तक पहुंचाएगा। वहां गीले-सूखे कूड़े और धातु को अलग कर फर्नेंस में उच्च तापमान पर जलाकर विद्युत उत्पादन करेगा। कूड़े के जलने पर जो धुआं उत्पन्न होगा उससे कार्बन एनोड की मदद से कार्बन को अलग करेगा और किसी प्रकार का लीकेज होने पर एयर प्यूरीफायर वर्कर्स पर माइक्रो प्लास्टिक आदि के दुष्प्रभाव को रोकेगा।
कार्तिकेय जायसवाल ने वुमन सेफ्टी के लिए पैनिक बटन एवं शाॅक गन तैयार की। इसके साथ ही रेगिस्तान में पानी की कमी की पूर्ति के लिए वातावरण की नमी से जल बनाने के लिए संयंत्र प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. समशेर रहे। आयोजन विज्ञान प्रमुख एवं उप प्रधानाचार्य आकांक्षा जौहरी के साथ प्रतिभा श्रीवास्तव और आशीष निगम के मार्गदर्शन में हुआ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राममिलन सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन संस्कृति सेंगर ने किया। मौके ओंकारेश्वर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वरिष्ठ संरक्षक डॉ. अंगद सिंह, प्रबंध निदेशक डॉ. पूजा अवस्थी आरके सिंह, भूपति तिवारी, डॉ. गिरीश कुमार मिश्र, राम प्रकाश अवस्थी, डाॅ. अवध बिहारी मिश्रा, निदेशक डॉ. ममता तिवारी, शिवानी सिंह मौजूद रहीं।