रसूलाबाद (कानपुर देहात)। कस्बे के जोत और उसरी गांव के बीच स्थित जंगल में पांच मोर के शव पड़े मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे वन विभाग के कर्मियों ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि मोर की मौत शिकारियों द्वारा फेंके जहरीले दाने खाने से हुई है।
शनिवार को ग्रामीणों ने जोत-उसरी के बीच स्थित जंगल में पांच राष्ट्रीय पक्षी मोर के मृत पड़े होने की सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसने वन विभाग के कर्मचारी गंगाराम तथा श्रीकृष्ण को सूचना दी। वन विभाग के कर्मचारियों ने मृत मोरों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.गीतम सिंह ने किया।
ग्रामीणों की माने तो लगभग एक दर्जन मोर मृत पाए गए थे, जिनमें कुछ मोरों को कुत्ते खा गए हैं। क्षेत्रीय लोगों ने शक जताया कि बड़ी संख्या में मोरों की मौत के पीछे शिकारियों की ओर से फेंके जहरीले दाने खाने से हो सकती है। जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।