फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

705 गेहूं किसानों का छह करोड़ भुगतान फंसा

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने के बाद समय से भुगतान नहीं मिलने पर किसान परेशान हैं। जिले में 705 किसानों का गेहूं बिक्री का करीब छह करोड़ रुपया बकाया है। इसमें 395 किसानों का भुगतान नाम, बैंक खाता नंबर आदि का मिलान नहीं होने से फंसा है।
विज्ञापन

जिले में गेहूं की सरकारी खरीद के लिए छह एजेंसियों के 64 क्रय केंद्र बनाए गए थे। 57 क्रय केंद्रों पर 15 जून तक खरीद हुई। 22 जून तक सात क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद की गई। कुल 11727 किसानों से 51495 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। अब तक 11022 किसानों को 95.70 करोड़ रुपये का भुगतान हो चुका है।
गेहूं खरीद बंद हुए आठ दिन बीतने के बाद भी 705 किसानों का करीब 6 करोड़ रुपये का भुगतान बाकी है। वहीं सरकार की ओर से 72 घंटे के भीतर भुगतान का नियम बनाया गया है। रूरा के कमलेश कुमार व बिजयीपुर के राकेश ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद गेहूं बेच सके। कई दिन का इंतजार करना पड़ा तब तौल हुई। अब बेचे गेहूं का भुगतान फंसा है। जल्द भुगतान का आश्वासन सुन सुनकर आठ दिन बीत चुके हैं।
विज्ञापन

गेहूं खरीद के अनुसार 94 फीसदी किसानों का भुगतान कर दिया गया है। 395 किसानों का भुगतान बैंक एकाउंट नंबर या फिर नाम का मिलान नहीं होने की वजह से नहीं हो सका है। कुल 705 किसानों का भुगतान बाकी है। क्रय एजेंसियों के प्रभारियों को जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। -शिशिर कुमार, जिला खाद्य विपणन अधिकारी
क्रय एजेंसी वार मिस मैच में फंसा भुगतान
कानपुर देहात। क्रय एजेंसी पीसीएफ में गेहूं बेचने वाले 318 किसानों का नाम, बैंक अकाउंट का मिलान नहीं होने से भुगतान रुका है। खाद्य विभाग में 31, कृषि उत्पादन मंडी समिति में 23, यूपीएसएस में 15 और पीसीयू में 8 किसानों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि पीएफएमएस से भुगतान की व्यवस्था है। वास्तविक किसान के खाते में भुगतान हो इसके लिए नाम व बैंक एकाउंट का सही ब्योरा मिलने पर ही भुगतान होता है।
सत्यापन की कतार में लगे रहे 790 किसान
कानपुर देहात। गेहूं की सरकारी खरीद के लिए किसानों को ऑनलाइन पंजीयन कराने की अनिवार्यता है। पंजीयन के बाद तहसीलवार राजस्व कर्मी सत्यापन करते हैं। सत्यापन की सुस्ती से 790 किसानों की क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने की आस टूट गई। ये किसान कतार में ही लगे रहे और खरीद बंद हो गई।
सत्यापन के बाद भी 6740 किसान नहीं बेच सके गेहूं
कानपुर देहात। जिले में गेहूं बेचने के लिए कुल 19257 किसानों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था। 18467 किसानों का सत्यापन हो सका। इसमें से 11727 किसानों ने गेहूं बेचा। वहीं सत्यापन पूरा होने के बाद भी 6740 किसान गेहूं नहीं बेच सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें