पटियाली वाले साकार बाबा विश्वहरि के सत्संग में 50 की अनुमति लेकर 50 हजार लोग जुटाने में आयोजक के खिलाफ मुकदमा हो चुका है। मामला दो साल पहले कोरोना काल का है। इस मामले में पुलिस आयोजक डॉ. सुरेश चंद्र भास्कर के खिलाफ मुकदमे में चार्जशीट भी लगा चुकी है।
शहर के आवास विकास लकूला रोड स्थित एक खाली मैदान में बाबा के सत्संग के लिए 24 नवंबर 2021 को पंडाल लगाया गया था। इसके अगले ही दिन बाबा विश्वहरि ने सत्संग शुरू कर दिया था। सत्संग के आयोजक आवास विकास निवासी डॉ. सुरेश चंद्र भास्कर के आवेदन पर सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने कोरोना का हवाला देकर मात्र 50 लोगों की अनुमति दी थी। बाबा के यहां पहुंचने के बाद भीड़ बढ़नी शुरू हो गई। सात दिसंबर 2021 को अचानक इस कदर भीड़ हुई थी कि लोगों की संख्या 50 हजार तक पहुंच गई। शहर के सभी मार्ग जाम हो गए थे।