कानपुर देहात। जनपद में कुल 13 नगर निकाय हैं। आवाजाही में सहूलियत के लिए मुख्यमंत्री ने दिवाली से पहले सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए थे। हालांकि नगर विस्तार में शामिल क्षेत्र व नई आबादी की 50 से अधिक सड़कें जस की तस हैं। इससे त्योहार पर सुगम आवागमन के बजाय गड्ढे राहगीरों को दर्द देंगे।
कई नगर निकायों में कुछ स्थानों पर सड़कों की मरम्मत जरूर कराई है। पूरी तरह से सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए जरूरी बजट की कमी भी आड़े आई। अकबरपुर नगर पंचायत प्रशासन ने टकटौली, आसरा आवास, झाड़ीबाबा, बदलापुर, मुरीदपुर, गायत्री आश्रम मार्ग, आघू रोड, खरका, मेवाती मोहाल, नवीपुर में पासवान गली, बाढ़ापुर, रतनगढ़ मंदिर व जखई बाबा मंदिर के रास्तों को करीब नौ लाख रुपये खर्च कर गड्ढा मुक्त कराया है। हालांकि विस्तारित क्षेत्र में बजट की कमी से रास्तों की मरम्मत की अड़चन है। ईओ आशीष कुमार ने बताया कि प्रमुख मार्गों को दिवाली से पहले गड्ढामुक्त कराया गया है। इससे राहगीरों को आवाजाही में सहूलियत होगी। छूटे अन्य मार्गों को बजट उपलब्ध होने पर ठीक कराया जाएगा। वहीं कई अन्य निकायों की सड़कें भी खराब हैं।
.........................
सीन एक :
फोटो-23 रूरा के बजरंग नगर में उखड़ी सड़क व कीचड़। संवाद
बजरंग नगर में कीचड़ वाले रास्ते से आवाजाही
रूरा नगर पंचायत के बजरंग नगर में मुख्य मार्ग उखड़ा है। कीचड़ भरे इस मार्ग से होकर नजदीक के मल्लाहनपुरवा गांव के लोग भी निकलते हैं। लोग दिवाली से पहले रास्ता ठीक होने की उम्मीद लगाए थे लेकिन काम ही शुरू नहीं हो सका। अब त्योहार में बदहाल मार्ग से ही आवाजाही करनी पड़ेगी। ईओ मनीष कुमार ने बताया कि सड़क दुरुस्त कराने के लिए ठेकेदार का चयन हो गया है। सड़क किनारे नाला बनाने का काम कराया जा रहा है। दिवाली के बाद सड़क बनाई जाएगी।
......................
फोटो- 24 बालाजी धाम मंदिर के पास बदहाल सड़क। संवाद
मुख्य बाजार व बालाजी धाम मंदिर की सड़क पर गड्ढे
मूसानगर में बालाजी धाम मंदिर के पास की सड़क बदहाल है। मेन रोड से सर्राफा मार्केट तक करीब एक किलोमीटर और सर्राफा मार्केट से बालाजी धाम मंदिर तक राहगीर गड्ढायुक्त सड़क से निकलते हैं। दिवाली से पहले सड़क मरम्मत की आस थी लेकिन सड़क बन नहीं सकी। लोगों का कहना है कि पेयजल पाइपलाइन डालने के दौरान सड़क को बीच से खोद दिया गया था। इसके बाद मिट्टी डालकर गड्ढे भर दिए गए। जगह-जगह गड्ढे राहगीरों को दर्द दे रहे हैं। इसी तरह मेन रोड से फत्तेपुर और मुर्तजानगर वार्ड तक करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क बदहाल है। ईओ नरेश सिंह ने बताया कि नगर में 20 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। करीब चार करोड़ रुपये बजट की दरकार है।