अमर उजाला ब्यूरो
कोंच (जालौन)। एसआरपी इंटर कालेज के प्रागंण में अपना दल एस के तत्वावधान में छत्रपति शिवाजी की 388 वीं जयंती के अवसर पर केंद्र सरकार की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल नेे कहा कि शोषित वंचित समाज को यदि सम्मान और समानता चाहिए तो उसे लोकतंत्र के तीनों स्तंभों विधायिका, न्यायपालिका और कार्य पालिका में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ाना होगा।
उन्होंने कहा कि हम वर्षों से अपनी जाति के व्यक्ति को ही वोट देते रहे हैं। विभिन्न विभिन्न दलों के जाति के प्रत्याशियों को वोट देकर हम खुश होते रहे हैं लेकिन उसका लाभ उन्हें कभी नहीं मिल पाया। शिवाजी महाराज भी टुकड़ों में विखंडित समाज को एक करने के लिए संघर्ष करते रहे। उनके राज में धार्मिक सौहार्द बना रहा और राष्ट्र मजबूत रहा। लिहाजा शिवाजी की जयंती पर प्रेरणा लें कि विखंडित शोषित समाज को एक कर, एक झंडे एक दल का साथ देकर एक जगह वोट करें।
उन्होंने केंद्र सरकार की शुरू की गई सुकन्या योजना के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन रोहित राठौर और हेमंत ने किया। आभार जिलाध्यक्ष रामराजा निरंजन ने जताया। सभा को प्रभारी मंत्री जयकुमार जैकी, सांसद भानु प्रताप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन निरंजन, विधायक मूलचन्द्र निरंजन, गौरी शंकर वर्मा, डॉ. लीना तिवारी, चौ. अमरसिंह, संगमलाल गुप्ता, नीलरतन पटेल, आदि रहे।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के कार्यक्रम में कानपुर और झांसी से भी समर्थक पहुंचे। कानपुर से पार्टी के महानगर अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव अपने साथियों राजेश सचान, राहुल पोरवाल, आयुष कटियार, निय सिन्हा, बाबी भाटिया के साथ मंत्री के जिंदाबाद नारे लगाते रहे। इसी तरह झांसी से भी काफी समर्थक पहुंचे।
जिस वक्त केंद्रीय मंत्री माइक से संबोधन कर रही थी, उस वक्त आसपास के दो स्कूलों में बोर्ड की परीक्षा चल रही थी, लेकिन किसी ने इसकी कोई परवाह नहीं की और सभा बेरोकटोक चलती रही।
-जयंती पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने की लोगों से अपील