सरवनखेड़ा (कानपुर देहात)। भाऊराव देवरस महाविद्यालय मुक्तापुर टड़वारा में शुक्रवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विश्व विद्यालय की तरफ से अंतर महाविद्यालयीय महिला व पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता कराई गई।
इसमें सात जिलों की कुल नौ टीमों ने भाग लिया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले महाविद्यालय के खिलाड़ियों का अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। पूज्य भाऊ राव महाविद्यालय में आयोजित अंतरमहाविद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का कॉलेज के चेयरमैन राघवेंद्र सिंह ने शुभारंभ किया।
इसमें आरएमपी कालेज सीतापुर, फिरोज गांधी कॉलेज रायबरेली, केकेडीसी कॉलेज इटावा, पीबीडी कॉलेज कानपुर देहात, बीएसएसडी कॉलेज कानपुर, टीडी कॉलेज औरैया, बाबा जय शंकर कॉलेज सुमेरपुर उन्नाव, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्व विद्यालय क्राइस्टचर्च कॉलेज कानपुर की टीमों ने भाग लिया।
सभी टीमों से बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुरुष व महिला वर्ग से 16-16 खिलाड़ियों का चयन अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। पुरुष वर्ग में अभय कुमार बाजपेई, मोहम्मद कामिल, अभिषेक कश्यप, पारस जायसवाल, विरजन कनौजिया, ऋषभ चौधरी, आनंद यादव, उत्कर्ष सिंह, विशाल द्विवेदी, दीपक मिश्रा, तेजवीर सिंह, चंदन गुप्ता, दीप पटेल, हरिकृष्ण का चयन हुआ।
वहीं महिला वर्ग में सबा, मुस्कान मिश्रा, रौनक भारती, रेनु कश्यप, दिव्या, सोनम, प्रांजलि दीक्षित, प्रिया, नैन्सी, निशा, शिवानी बाजपेई, अंशिका, नंदनी, विदुषी, सरोज, नैन्सी कश्यप का चयन किया गया।
प्रतियोगिता प्रभारी महाविद्यालय के प्राचार्य असफर खान ने बताया कि अंतर विश्वविद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता पुरुष वर्ग की चौधरी रणवीर सिंह विश्वविद्यालय हरियाणा में होगी। वहीं महिला वर्ग की प्रतियोगिता पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में होगी।
चयनित खिलाड़ियों को वहां खेलने का मौका मिलेगा। इस मौके पर महाविद्यालय के व्यवस्थापक इकबाल सिंह, लक्ष्मीपति पाठक, हरिओम मिश्रा, सुनील आदि मौजूद रहे।