कानपुर देहात। त्योहार का समय देखते हुए खाद्य विभाग की टीम का अभियान तेज हो गया है। खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिए शुक्रवार को विभागीय टीम ने जनपद के कई स्थानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान टीम ने संचालकों को साफ सफाई रखने की सख्त हिदायत दी। वहीं, दुकानों से 6 खाद्य पदार्थों के नमूने भरे।
मिलावट खोरी पर लगाम लगाने के लिए जिलाधिकारी की ओर से सख्त निर्देश हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को खाद्य विभाग की टीम ने जिला अभिहित अधिकारी के दिशा निर्देशन में मंगलपुर, अकबरपुर व राजपुर सहित अन्य स्थानों पर अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित के नेतृत्व में टीम ने अकबरपुर स्थित श्री बालाजी भोजनालय एवं स्वीट हाउस से खोये व पनीर का नमूना भरा। इस दौरान उक्त स्थान पर साफ सफाई का अभाव मिलने पर संचालक अमित चौरसिया को सफाई रखने की हिदायत दी। वहीं, राजपुर स्थित किराना स्टोर से गुलाब जामुन मिक्स का नमूना भर उन्हें साफ-सफाई रखने की हिदायत दी। इसके बाद टीम ने मंगलपुर के भूटा स्थित गुड्डन पांडेय के यहां से खोये का नमूना भरा, जिसके बाद सिकहला के उदय प्रताप उर्फ कल्लू के यहां से खोये का नमूना लिया। इसके बाद मंगलपुर स्थित एसएफ बेकर्स के संचालक शिवशंकर शाहू की मंगलपुर में सप्लाई वाहन मिलने पर बन का नमूना भरा। जिला अभिहित अधिकारी आरके गुप्ता ने बताया कि त्योहार पर ऐसे ही अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि त्योहार पर मांग बढ़ने से लोग अधिकाधिक मुनाफा कमाने के लिए खाद्य पदार्थों में मिलावट करते हैं, जिसका हमारे शरीर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश हैं। इस दौरान टीम में धीरज दीक्षित, सुमांशु सचान, सुनील कुमार, सुधा कनौजिया, विनीत यादव, रणवीर सिंह आदि मौजूद रहे।