पुखरायां (कानपुर देहात)। राष्ट्रीय ग्रामीण पंचायती राज संस्थान की ओर से हैदराबाद में आयोजित दो दिवसीय रूरल इनोवेटर्स स्टार्टअप कान्क्लेव-2018 के पहले दिन गुरुवार को उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने पार्थ बंसल द्वारा बनाई गई पार्किंसन के मरीजों के लिए छड़ी का अवलोकन किया। उपराष्ट्रपति ने पार्थ की सराहना भी की।
कार्यक्रम में देश से आए 150 नव प्रवर्तकों ने अपने-अपने आविष्कारों का प्रदर्शन किया, जिसमें उपराष्ट्रपति ने कस्बे के पार्थ बंसल द्वारा बनाई गई छड़ी की कार्य प्रणाली देख उसकी प्रशंसा की। पार्थ बंसल से भविष्य में इसी तरह समाज उपयोगी चीजों के आविष्कार करने की बात कही।
इधर, कस्बे में पार्थ के पिता संदीप बंसल ने बताया कि प्रदेश से 9 नव प्रवर्तक इस प्रदर्शनी में भाग लेने गए थे। कानपुर देहात से सिर्फ पार्थ है। कार्यक्रम में आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के राज्यपाल, ग्रामीण विकास मंत्रालय के राज्यमंत्री रामकृपाल यादव, उपमुख्यमंत्री मोहम्मद महमूद अली भी मौजूद रहे।