फर्रुखाबाद। योजनाओं को मूर्तरूप देने की मंशा से शुरू प्रयास आखिर रंग लाने लगे हैं। फिलहाल पहले चरण में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने पर विशेष जोर है। कायाकल्प योजना के तहत विशेष दर्जा हासिल करने के बाद शासन स्तर से लोहिया अस्पताल में ट्रामा सेंटर व एमआरआई की स्थापना के लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसके अलावा शहर के मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें लगवाने, सीवरेज सिस्टम समेत 12 विकास कार्यों के प्रस्ताव विभागीय अधिकारियों से मांगे गए है।
विकास में पिछड़े जिला फर्रुखाबाद में विकास कार्यों को पंख लगाने के लिए प्रदेश सरकार ने रुख कर लिया है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव नितीश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग से लोहिया अस्पताल में ट्रामा सेंटर और एमआरआई की स्थापना किए जाने के संबंध में प्रस्ताव मांगा है। शहर के मुख्य मार्गों को स्ट्रीट लाइटों से जगमगाने और सीवर
लाइन बनवाने समेत 12 कार्यों कराए जाने के लिए नगर पालिका, विद्युत विभाग, वन विभाग, रेल मंत्रालय से प्रस्ताव मांगे है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक प्रस्ताव तैयार कर जल्द शासन को भेजना है। इसके बाद बजट स्वीकृत होकर काम शुरू कराया जाएगा।
रेल मंत्रालय - कायमगंज बाईपास से ढिलावल तिराहा पर रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण
विद्युत विभाग- शहर की विद्युत लाइन भूमिगत करने, पांच मोबाइल ट्रांसफार्मरों के संबंध में प्रस्ताव।
नगर पालिका- पटेल पार्क का सुंदरीकरण कराने, नगर पालिका क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने का कार्य, गंगा तट पर स्थित पांचालघाट का सुंदरीकरण, बढ़पुर विकास खंड क्षेत्र के लिए 20 पानी की टंकियों का निर्माण कराने का प्रस्ताव।
स्वास्थ्य विभाग- लोहिया अस्पताल में ट्रामा सेंटर व एमआरआई की स्थापना और याकूतगंज, हथियापुर, फतेहगढ़ व टाउनहाल में सीएचसी की स्थापना संबंधी प्रस्ताव।
वन विभाग- चिलसरा मार्ग पर स्थित वन विभाग की रिक्त पड़ी भूमि पर फर्रुखाबाद को आवारा पशुओ से मुक्त कराने के चारागाह की स्थापना संबंधी प्रस्ताव।
फर्रुखाबाद। शहर में स्थित पटेल पार्क का सुंदरीकरण कराने को करीब 30 रुपये स्वीकृत हुए है। विभाग से शासन ने पार्क के आसपास की आबादी और स्थिति के संबंध में रिपोर्ट मांगी है। नगर पालिका के अफसरों ने सुंदरीकरण कराने के कार्यों की रूपरेखा तैयार कर ली है। वह पूरी रिपोर्ट तैयार कर शासन लेकर जाएंगे। इसके बाद वहां नक्शा तैयार होगा। जिसके आधार पर सुंदरीकरण का काम कराया जाएगा।
भूमिगत विद्युत लाइन को 20 करोड़
फर्रुखाबाद। शहर की बिजली व्यवस्था सुधार को प्रदेश सरकार ने 20 करोड़ रुपयों का बजट के आधार पर काम कराने को विभागीय अधिकारियों से राय ली है। एक्सईएन शहरी पंकज अग्रवाल ने फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ नगर के सभी मोहल्लों और मुख्य मार्ग की विद्युत लाइन भूमिगत किए जाने को 273 करोड़ रुपय बजट होने का प्रस्ताव बनाकर भेजा है। 20 करोड़ से शहर के करीब दो दर्जन से अधिक मोहल्लों की भूमिगत बिजली लाइन हो सकती है। एक्सईएन शहरी पंकज अग्रवाल ने बताया कि जो प्रस्ताव मांगा गया था। वह बनाकर भेज दिया गया है।
जिले में विकास को लगेंगे पंख
शहर के मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें, सीवर लाइन बिछाने समेत 12 कार्यों के प्रस्ताव मांगे गए
लोहिया अस्पताल में ट्रामा सेंटर और एमआरआई यूनिट खुलने से खत्म होगी भागदौड़
आनंद मिश्रा