अमर उजाला ब्यूरो
तालग्राम/छिबरामऊ। क्षेत्र के अतरौली में डेंगू से युवक की और मझैया गांव और छिबरामऊ में बुखार से दो लोगों ने दम तोड़ दिया। मझैया में 19 लोग अभी भी बुखार की चपेट में हैं। गांव में फैली गंदगी बीमारी फैलने की मुख्य वजह बनकर सामने आई है। एक माह के अंतराल में मझैया में बुखार से ये चौथी मौत है। स्वास्थ्य विभाग ने टीम भेजकर गांव में कैंप लगाने की बात कही है।
तालग्राम विकासखंड के अतरौली गांव निवासी अतुल (32) पुत्र प्रमोद कुमार को सात दिन से बुखार आ रहा था। तीन दिनों तक परिजनों ने गांव के ही एक झोलाछाप से इलाज कराया। राहत न मिलने पर सीएचसी ले गए। यहां भी हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने फर्रुखाबाद के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। हालत लगातार बिगड़ते देख परिजनों ने अतुल को वहीं के एक अन्य नर्सिंग होम में को भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने खून की जांच कराई। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। इस पर डाक्टरों ने अतुल को कानपुर ले जाने की सलाह दी। रात में परिजन धन की व्यवस्था करने में लगे रहे। सुबह कानपुर ले जाते समय रास्ते में अतुल ने दम तोड़ दिया। परिजन बीच रास्ते से ही फर्रुखाबाद आ गए। मामले की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य लोग और ग्राम प्रधान रवीशचंद्र फर्रुखाबाद के लिए रवाना हो गए। शाम को परिजन शव लेकर गांव आ गए। घर पर पत्नी आरती का रो-रोकर बुरा हाल है। अतुल की दो पुत्रियां जान्हवी (6), मानवी (4) और डेढ़ साल का बेटा रिषभ है।
उधर तालग्राम के ही मझैया गांव निवासी मौजी लाल (60) की शुक्रवार रात तेज बुखार से घर पर मौत हो गई। मौजीलाल करीब छह दिनों से बुखार से पीड़ित थे और गांव में ही इलाज करा रहे थे। गांव में 19 लोग बुखार की चपेट में हैं। ग्रामीणों की माने तो गांव में जगह-जगह फैली गंदगी और जलभराव संक्रामक रोग फैलने की मुख्य वजह बना हुआ है। करीब एक माह के अंतराल में गांव के मुंशीलाल (55), इनके बड़े भाई सुगवासी (58) और राजेश का पुत्र प्रयांशु (1) की भी बुखार से मौत हो चुकी है। एमओआईसी मोहम्मद इरशाद ने कहा कि दोनों गांवों में टीम भेजी जा रही हैं।
छिबरामऊ प्रतिनिधि के अनुसार, ग्राम तिगुड़िया निवासी भारत सिंह पाल (60) की बुखार से शनिवार को मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि भारत सिंह को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। इलाज के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
दो दिन मझैया गांव में कैंप कर चुकी है स्वास्थ्य विभाग की टीम
तालग्राम। तीन और चार सितंबर को मझैया गांव में बुखार फैलने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो दिनों तक कैंप किया था। इस दौरान 250 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ था और 38 मरीजों की खून की जांच के लिए स्लाइड बनाई गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि खून की जांच की रिपोर्ट क्या आई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी गई।
तालग्राम में अब तक नौ को निगल चुका है बुखार
तालग्राम। संक्रामक बीमारियों से सबसे ज्यादा चपेट में तालग्राम क्षेत्र ही है। यहां के मझैया, त्यौर, दलापुरवा, महानगर गांव चपेट में आ चुके हैं। मझैया में चार, दलापुरवा में पांच लोगों की बुखार से मौत हो चुकी है।
तीन को लील गया डेंगू और बुखार, 19 बीमार
-अतरौली गांव निवासी युवक की डेंगू से जान गई
-मझैया गांव में बुखार से वृद्ध की मौत
-छिबरामऊ में भी एक वृद्ध ने बुखार से दम तोड़ा