अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली के अर्जुन नगला के पास शनिवार को ट्रक और मैजिक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। मैजिक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मैजिक के परखच्चे उड़ गए और चालक उसमें फंस गया।
इटावा-बरेली हाईवे पर शनिवार को दोपहर चार बजे फतेहगढ़ की ओर से जा रहे ट्रक ने जहानगंज की ओर से आ रही मैजिक में टक्कर मार दी। मैजिक एक स्कूल से संबंधित थी, जिसे थाना जहानगंज के गांव सिरौंज के रहने वाला नवीन यादव (28) पुत्र रघुवीर चला रहा था।
उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसकी खबर जैसे ही गांव सिरौंज पहुंची तो भारी संख्या में लोग मौके पर आ गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने चालक को भारी मशक्कत करने के बाद बाहर निकाला।
पुलिस का कहना है कि ट्रक काफी तेज गति से भाग रहा था। स्टेयरिंग में फंस जाने से मैजिक चालक की मौत हुई है। टक्कर मारकर भागा चालक मोहम्मदाबाद के पास ट्रक छोड़कर भाग गया।
कोतवाली पुलिस ने ट्रक अपने कब्जे में ले लिया है। मौके पर पहुंचे दरोगा संजय यादव और रमेशचंद्र ने बताया कि मृत चालक के परिजन घटनास्थल पर आ गए हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-हादसे के बाद स्टेयरिंग में फंसने से दम तोड़ा
-पुलिस ने मशक्कत के बाद निकाला शव