कानपुर। नवाबगंज में कोचिंग संचालक की हत्या के मामले में पुलिस ने 260 पन्नों की चार्जशीट तैयार की है। इसमें करीब 500 सीसीटीवी कैमरे के फुटेज, सीडीआर और ब्रेसलेट को सुबूत बनाया गया है। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि दो-चार दिन में ही चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी जाएगी।
बता दें कि यशोदानगर के ब्लाॅक निवासी प्रकाश चंद्र गुप्ता नवाबगंज में कंप्यूटर सेंटर चलाते थे। एक जून को प्रकाश का शव उनके कंप्यूटर सेंटर में लहूलुहान हालत में मिला था। सिर और आंख पर चोट के निशान थे। भाई विकास ने पुलिस को बताया था कि आईपीएल का फाइनल देखने के लिए 31 मई की रात प्रकाश ने सेंटर में ही रुकने की बात कही थी। इसके अगले ही दिन उनका शव मिलने की सूचना मिली। परिजन ने लूट के इरादे से हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
वारदात के बाद पुलिस ने सेंटर के भीतर और बाहर गली में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकलवाए थे। फुटेज में वारदात की रात बुर्का पहने महिला सेंटर में दाखिल होते दिखाई दी थी। उसकी चाल पर जब पुलिस को संदेह हुआ तो पुलिस ने सर्विलांस की मदद ली। बाद में पता चला कि प्रकाश के 18 साल पुराने दोस्त मोहित ने ही ब्रेसलेट और नकदी लूटने के इरादे से वारदात को अंजाम दिया था। नवाबगंज इंस्पेक्टर राजकेश्वर ने बताया कि चार्जशीट में सीसीटीवी फुटेज और प्रकाश व मोहित के फोन की सीडीआर अहम सुबूत बनाए गए हैं। फिलहाल चार्जशीट तैयार कर एसीपी को सौंप दी गई है। जल्द ही उसे कोर्ट में भी दाखिल कर दिया जाएगा।