कानपुर। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) की जांच में 26 टेनरियों में प्राइमरी ट्रीटमेंट प्लांट बंद मिले। यहां टेनरियां मानक से अधिक क्रोमियम वेस्ट (जहरीला पानी) बहाती मिलीं। इसमें 16 को नोटिस जारी किया गया है जबकि 10 अन्य को भी नोटिस देने की तैयारी है। यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अजीत सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की सख्ती के बाद 110 टेनरियों की जांच की गई है। अन्य टेनरियों की जांच की जा रही है। इसके लिए दो टीमें गठित की गई हैं और मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी जा रही है। नोटिस मिलने के बाद टेनरी संचालकों को 15 दिन के भीतर कमियां दूर करने का समय दिया गया है। इसके बाद बोर्ड की टीम दोबारा निरीक्षण करेगी। यदि निर्धारित समय में सुधार नहीं मिला तो संबंधित टेनरियों के खिलाफ तालाबंदी की कार्रवाई की जाएगी। (ब्यूरो)