कानपुर देहात। जनपद में दो दिन में कुल 25.33 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। सोमवार रात भी रुक-रुककर हल्की बारिश हुई। इधर मंगलवार सुबह कई जगह पर बारिश हुई। अकबरपुर में शाम को बारिश हुई तो मौसम सुहावना हो गया।
अल नीनो का असर होने की वजह से जिले में 10 दिन मानसूनी बारिश नहीं हुई। रविवार रात से हल्की बारिश शुरू हुई। रुक-रुककर पूरे दिन में 7.83 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। इधर सोमवार रात में भी रुक-रुककर बारिश हुई। मंगलवार सुबह मैथा, कहिंजरी, शिवली आदि क्षेत्र में बारिश हुई। इधर दोपहर में माती, जैनपुर आदि क्षेत्र में बारिश हुई। शाम को अकबरपुर में हल्की बारिश हुई। दूसरे दिन 17.5 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। इससे खेतीबाड़ी की गतिविधि में किसान व्यस्त रहे।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. खलील खान ने बताया कि अब अच्छी बारिश होने से लक्ष्य धान की रोपाई जल्द पूरी हाे जाएगी। दो दिनों में जिले में कुल 25.33 मिमी बारिश हुई। मंगलवार अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। इधर सोमवार रात में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा। तापमान गिरने का असर रहा कि लोगों ने कूलर व एसी बंद रखे। पंखे भी कम गति से चलाए गए। सीएसए के कृषि मौसम तकनीकी अधिकारी डॉ. अजय मिश्र ने बताया कि आगामी पांच दिनों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।