मेरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस की बदमाश के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने पर बदमाश घायल हो गया। उस पर कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी घायल हुआ है।
फर्रुखाबाद जिले में एसओजी ने मेरापुर थाने के पखना तिराहे के शनिवार देर रात मुठभेड़ में गोली लगने के बाद एक 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश पकड़ लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। बदमाश का एक साथी भाग गया।
विज्ञापन
पूछताछ में उसने अपना नाम कन्नौज के थाना सौरिख के इनामी बदमाश अनुज उर्फ पकुड़ी बताया। दोनों ओर से हुई फायरिंग में मेरापुर थाने में तैनात सिपाही मुनेश को भी गोली लगी। बदमाश और सिपाही को रात में ही लोहिया अस्पताल लाया गया। जहां बदमाश का इलाज चल रहा है। वहीं, सिपाही की छुट्टी कर दी गई है।
बता दें कि बदमाश ने छह मई को संकिसा के काली नदी पुल पर हुई लूट की घटना में शामिल होना कबूल किया है। एसपी अशोक कुमार मीणा और सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने लोहिया अस्पताल में पहुंच कर जायजा लिया। पुलिस ने मौके से एक खोखा और 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया है।