नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के पिपराभोजी गांव में मंगलवार रात स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मौके से चाकू बरामद किया है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन वजह नहीं बता पाए। ऐसे में पुलिस आत्महत्या के एंगल पर भी जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव पिपराभोजी निवासी प्रभा यादव (19) पुत्री संतोष कुमार क्षेत्र में स्थित राजेंद्र सिंह डिग्री कालेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। मंगलवार देर शाम वह घर के पीछे स्थित शौचालय में गई थी। कुछ देर बाद वह चीखते हुए घर में आई और अपनी मां लक्ष्मी के पास गिर पड़ी। उसे लहूलुहान स्थिति में देख परिजन सामुदायिक
स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां से उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर आवास विकास तिराहा स्थित नर्सिंगहोम पहुंचे।। यहां इलाज शुरू होने से पहले की युवती ने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर गांव लौट गए। रात 11 बजे थाने में सूचना दी गई। थानाध्यक्ष रजनीश चौहान फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने
घटनास्थल से एक चाकू बरामद किया। मृतका के परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जताई। हालांकि वे हत्या की वजह नहीं बता पाए। पुलिस हत्या के साथ ही आत्महत्या के एंगल पर भी जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर और जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। संतोष यादव के दो बेटे अजीत और रंजीत हैं। प्रभा इकलौती बेटी थी।
धारदार हथियार से छात्रा की हत्या
हत्या की वजह का खुलासा नहीं
पुलिस आत्महत्या के बिंदु पर भी कर रही है जांच
घर के पीछे शौच कर लौटते समय हुई घटना
पुलिस ने घटनास्थल से एक चाकू बरामद किया
अमर उजाला ब्यूरो