फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मंडवा में सराफ कारोबारी रवि सोनी से लूटकांड का आरोपी प्रयागराज के नैनी जेल से लाया जाएगा। कोर्ट ने इलाकाई पुलिस का रिमांड आवेदन स्वीकार कर लिया है। पुलिस पांच जनवरी को आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी।
मंडवा के रवि सोनी की प्रेमनगर में सराफा की दुकान हैं। वह 17 दिसंबर की शाम बाइक से घर जा रहे थे। मंडवा गांव से पहले बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में तमंचा लगाकर लूट लिया था। सराफ से बदमाश करीब तीन लाख का माल लूट ले गए थे। दो दिन बाद कौशांबी के पइंसा थाना क्षेत्र में सराफ को लूटा था। प्रयागराज के धूमनगंज थाना पुलिस ने 10 जनवरी को एक आरोपी शिवम दुबे को गिरफ्तार किया था, जिससे लूट का माल बरामद हुआ था। आरोपी शिवम दुबे लखनऊ में तैनात एसआई सुरेंद्र दुबे का बेटा निकला। आरोपी की पकड़े जाने की सूचना पर सुल्तानपुर घोष पुलिस प्रयागराज पहुंची थी। सराफ ने जेवरों की पहचान की। तस्दीक के बाद इलाकाई पुलिस ने आरोपी को रिमांड में लाने की कार्रवाई चालू की। थानेदार जीपी सिंह ने बताया कि आरोपी का रिमांड में लाने का कोर्ट से आदेश मिल गया है। आरोपी को पांच जनवरी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।