बिल्हौर (कानपुर)। कस्बे में जीटी रोड के चौड़ीकरण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-91 और राजस्व विभाग के अफसर सक्रिय हो गए हैं। बिल्हौर, उत्तरीपुरा, शिवराजपुर में जीटी रोड के बाईपास के लिए अफसरों ने भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू की। इसी क्रम में गुरुवार को उपजिलाधिकारी हिमांशु गुप्ता और एनएच-91 के परियोजना निदेशक ने तहसील क्षेत्र के बाईपास होकर गुजरने वाली जीटी रोड की जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू की। एसडीएम ने बताया कि अधिग्रहण की प्रक्रिया अपर जिलाधिकारी कार्यालय के कर्मी लगातार कार्रवाई में जुटे हैं।
शिवराजपुर प्रतिनिधि के अनुसार, एनएच-91 के परियोजना निदेशक गौरव गुप्ता ने बताया कि शिवराजपुर में जीटी रोड किनारे पर्याप्त जगह न होने के चलते वहरमापुर गांव के पास से बाईपास निकाला जा रहा है, इसके लिए किसानों से भूमि अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है। इस पर कब्जा लेने की कार्रवाई शुरू की गई है। शिवराजपुर में बाईपास बनने से कस्बे में आए दिन लगने वाले जाम से वाहन सवारों और स्थानीय लोगों को निजात मिलेगी। भू-अधिपत्य कार्यालय से जिन-जिन भूमि को अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी गई है, उनको कब्जे में लिया जा रहा है और जेसीबी और अन्य यंत्रों से जल्द ही समतलीकरण का काम भी शुरू करा दिया जाएगा।