ताखा। नगला दुली गांव में सोमवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। दोनों घरों से लगभग 20 लाख रुपये का सामान पार कर दिया। मंगलवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने जांच की है। पुलिस एक घर में चोरी की घटना को संदिग्ध मान रही है।
नगला दुली निवासी सत्यवीर व्यापारी हैं और उनके बेटे अनुज ठेकेदार हैं। अनुज ने बताया कि सोमवार रात में वह अपने छोटे भाई अनुरुद्ध के साथ पहली मंजिल पर बने कमरों में परिवार के साथ सो रहे थे। माता-पिता भूतल पर बनी बैठक में सो रहे थे। मंगलवार सुबह करीब पौने छह बजे पत्नी खुशबू उठी तो कमरा खुला नहीं, बाहर से कुंडी लगी थी। इस पर पत्नी ने नीचे भैंस की सानी लगा रहीं सास सुखदेवी को आवाज दी।
मां ने ऊपर आकर देखा तो जीने के गेट में अंदर से कुंडी लगी थी। दोनों बेटों के कमरों की बाहर से कुंडी लगी थी। कुंडी खोलने के बाद जब सभी लोग नीचे आए तो नीचे कमरों में रखी अलमारियां खुली पड़ी थीं। उनका सामान बिखरा था। इस पर चोरी की जानकारी हुई। चोर सोने के दो हार, पांच चेन, दो हाथफूल, दो बाजूबंद, दो मांगटीका, आठ अंगूठी, चांदी की पायल और करीब दो लाख रुपये नकद गायब थे। इस पर पुलिस को सूचना दी। बेटे अनुज ने बताया कि चोर संभवत: छत से नीचे आए हैं। पुलिस की जांच में पता चला कि आंगन में रखी चाबी से चोर गेट खोलकर बाहर भी निकल गए।
उधर, अनुज के मकान से करीब 200 मीटर दूरी पर स्थित किसान सुरेश यादव के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। सुरेश के मुताबिक चोर उनके घर से बेटी रीना के जेवर जिनमें सोने की एक जोड़ी झाले, एक जोड़ी गले की कंठी, एक मंगलसूत्र, एक चेन, चार चूडी, चार अंगूठी, चांदी की करधनी के अलावा बहू सृष्टि के जेवर व लगभग चार हजार रुपये नकद ले गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक ऊसराहार बलराम मिश्रा ने बताया कि दोनों घरों के लोगों से घटना की जानकारी की जा रही है। अभी दोनों घरों के लोगों ने तहरीर नहीं दी है। मामले की जांच की जा रही है। दूसरे घर की घटना संदिग्ध लग रही है।