कानपुर देहात। जिला योजना समिति के सदस्यों का चुनाव शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में संपन्न हुआ। चुनावी प्रक्रिया एडीएम वित्त एवं राजस्व की देखरेख में हुई। इसमें सभी 19 सदस्य निर्विरोध चुने गए। शांतिपूर्वक चुनाव के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।
जिला योजना समिति में 19 जिला पंचायत सदस्यों को शामिल किया जाता है। जिले में जिला पंचायत सदस्यों की संख्या अध्यक्ष समेत 32 है। इसमें बिना किसी भेदभाव के प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए चुनाव कराया गया। चुनाव में 19 सदस्यों ने ही नामांकन पत्र भरा। एडीएम वित्त एंव राजस्व साहब लाल ने नामांकन पत्रों की जांच कराई।
निर्धारित समय तक हर पद में एक ही नामांकन पत्र होने पर सभी 19 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित कर दिए गए। इसमें जिला पंचायत सदस्य उमेश दुबे, अंजली देवी, कृष्णा कुमारी, जर्नादन सिंह, राजकुमार सिंह, शुभभ सिंह, नेहा देवी, मंजू उर्फ गुड्डन सिंह, सोनी त्रिपाठी, आनंद बाबू, विशंभर सोनकर, स्वाती देवी, सरला देवी, सीमा संखवार, महबूब, सत्येंद्र कुमार पाल, संजय सिंह, ऊषा देवी, रानू कटियार को निर्विरोध निर्वाचित किया गया है।
एक सदस्य ने नामांकन पत्र खरीदा लेकिन उन्हें प्रस्ताव व अनुमोदक नहीं मिले। इससे वह नामांकन पत्र दाखिल नहीं कर सके। पूरी प्रक्रिया का एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा, एएसपी घनश्याम चौरसिया ने निरीक्षण किया।
एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब लाल ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हो गई। 19 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। चुनाव के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, राजेंद्र सिंह राजू, मंगल सिंह, संतोष त्रिपाठी, संजय सिंह गौर आदि मौजूद रहे।