कानपुर के पीयूष हत्याकांड में सीसीटीवी फुटेज से एक और खुलासा हुआ है। हत्याकांड की रात (दस से 12 बजे के बीच) पीयूष का एक दोस्त कपड़े बदलते हुए फुटेज में नजर आया है। ऐसे में पुलिस का शक उस पर और बढ़ गया है। पुलिस तीन दिनों से उससे पूछताछ कर रही है।
ग्वालटोली इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि पीयूष का मोबाइल रात करीब साढ़े दस बजे बंद हुआ था। फिर डेढ़ घंटे के भीतर उसकी हत्या की गई थी। इस समयावधि में उसका वहीं दोस्त कपड़े बदलता नजर आया है, जो अपने नौ दोस्तों के साथ परमट घाट पार्टी करने गया था। ऐसे में सवाल है कि रात में दो घंटे के भीतर उसने कपड़े क्यों बदले। पुलिस इस बारे में भी उससे पूछताछ कर रही है। उसके मोबाइल की लोकेशन भी घटनास्थल पर मिली थी।
परमट के नौघड़ा निवासी पीयूष कटियार (18) का एक और दोस्त इसी समयावधि में दो बार गंगा बैराज आया गया। पूछताछ में तो उसने इस बात का जिक्र नहीं किया। मोबाइल नंबर की सीडीआर से उसकी लोकेशन बैराज पर मिली है। ऐसे में पुलिस क्राइम सीन क्रिएट कर रह रही है।
पुलिस का कहना है कि पहले दोस्तों ने पीयूष की हत्या की, खून लगने की वजह से कपड़े बदले और आलाकत्ल को ठिकाने लगाने के लिए एक दोस्त गंगा बैराज गया। पुलिस ने यह सीन जुटाए गए तथ्यों के आधार पर क्रिएट किया है। जांच बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
इन तीनों का पीयूष से मिलना जुलना था
परमट निवासी एक हिस्ट्रीशीटर के तीन बेटे भी जांच के दायरे में आए हैं। पुलिस ने बुधवार रात तीनों को उठा लिया है। इन तीनों का पीयूष से मिलना जुलना था। फोन पर भी बातचीत होती थी। पुलिस आशनाई के अलावा अब रंजिश और अवैध संबंध के बिंदु पर भी जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है दोस्तों के अलावा भी कोई और शख्स पीयूष की हत्या में शामिल हो सकता है।