रसूलाबाद(कानपुर देहात)। बीएसए के निरीक्षण के दौरान स्कूल के बच्चे कलर की स्पेलिंग नहीं बता सके। परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शनिवार को बीएसए ने क्षेत्र के करीब एक दर्जन स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। जहां उन्हें कई खामियां देखने को मिली। कुछ स्कूलों में शिक्षक देर से पहुंचे तो किसी में गैरहाजिर मिले। जिस पर उन्होंने संबंधित से स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं पढ़ाई की स्थिति भी अच्छी नहीं मिली।
शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह ने रसूलाबाद क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय भोलापुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में प्रधानाध्यापक रूबी कटियार व सहायक अध्यापक देवेन्द्र के देरी से आने पर स्पष्टीकरण तलब किया। वहीं विद्यालय में बच्चों को जूते-मोजे भी नहीं वितरित किए गए। इस पर उन्होंने शिक्षकों को कड़ी चेतावनी दी। उच्च प्राथमिक विद्यालय भोलापुर में सभी शिक्षक मौजूद मिले जबकि सहायक अध्यापक प्राची मिश्रा अवैतनिक अवकाश पर बताई गई। यहां टीचर्स डायरी नहीं मिली। अंग्रेजी विषय की पढ़ाई की स्थिति अच्छी नहीं पाई गई। उच्च प्राथमिक विद्यालय बर्रा-ठर्रा का पठनपाठन निम्न पाया गया। यहां बच्चे कलर की स्पेलिंग नहीं बता सके। सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए। वहीं प्राथमिक विद्यालय शहबाजपुर में शौचालय की स्थिति ठीक नहीं पाई गई। यहां कुछ विषयों की पुस्तकें वितरित नहीं की गई हैं। यहां बच्चे अंग्रेजी व हिंदी की कविता नहीं सुना सके। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय रजऊ का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही प्राइमरी पाठशाला कारे रामपुर, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय सिठऊमताना, प्राथमिक पाठशाला अटिया रायपुर, प्राथमिक विद्यालय अंगदपुर, प्राथमिक विद्यालय पितानपुरवा, प्राथमिक विद्यालय कुशलपुरवा, प्राथमिक विद्यालय दीक्षित निवादा सहित एक दर्जन विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। बीएसए संगीता सिंह ने बताया कि विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान उपस्थिति में सुधार दिखा है, लेकिन पठन-पाठन की स्थिति संतोषजनक नहीं दिखी है। इस पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।