अमर उजाला ब्यूरो
जसवंतनगर। हाईवे के भावलपुर गांव के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने सात वर्षीय बालिका को रौंद दिया। पिछले पहिये के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम लेकर फरार हो गया। गुस्साई भीड़ ने सड़क जाम करके हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेजा। इसके बाद जाम खुलवाया। पौन घंटे तक जाम लगा होने से चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
भगवानपुर गांव निवासी मुकियान की सात वर्षीय बेटी उजाला गुरुवार को बाजार से सामान खरीदकर लौट रही थी, तभी हाईवे पार करते वक्त डीसीएम ने उसे रौंद दिया। मौत होने पर गुस्साई भीड़ ने जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के वक्त यूपी100 की पुलिस सामने बैठी रही, उसके बावजूद भी डीसीएम चालक वाहन लेकर भाग गया। भीड़ का उग्र रूप देखकर पुलिस नजदीक नहीं आईं। पौन घंटे जाम लगने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसकी सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पहले तो भीड़ को समझाने का प्रयास किया लेकिन बाद में पुलिस के खदेड़ने पर भीड़ हट गई। तब जाकर पुलिस ने बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जाम खुलवाया। साथ ही पीड़ित परिजनों की तहरीर पर डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
-गुस्साई भीड़ ने हाईवे पर लगाया जाम, पुलिस ने खदेड़कर खुलवाया
- हादसे के बाद ड्राइवर डीसीएम लेकर फरार हो गया