कानपुर में क्रिप्टो में ट्रेड कर ज्यादा लाभ कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने युवक से करीब 17 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का शिकार युवक ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। बर्रा दो निवासी दिनेश चंद्र शुक्ला ने बताया कि उन्हें टेलीग्राम पर एक लिंक मिला। इस पर क्लिक करते ही वह एक ग्रुप से जुड़ गए। ग्रुप में पहले से कई लोग जुड़े थे। ग्रुप पर क्रिप्टो में ट्रेड करने और मर्चेंट की ऑनलाइन विजिबिलिटी बढ़ाने पर लाभ देने की बात की गई।
आरोपियों ने अपनी कंपनी का नाम कवर फक्श लिमिटेड बताया था। झांसे में आकर उन्होंने 19 से 23 जनवरी 2023 के बीच 16.99 लाख रुपये कई बार में दिए खाते में भेज दिए। इस बीच उन्हें ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा दिया जाता रहा। बाद में मुनाफा बढ़ता देखकर जब उन्होंने रुपयों की मांग की तो आरोपितों ने रुपये देने से मना कर दिया और ग्रुप से रिमूव कर दिया। साइबर थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया दिनेश चंद्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर पीड़ित के रुपये वापस दिलाने का काम किया जा रहा है।