झींझक (कानपुर देहात)। दिल्ली-हावड़ा रूट के अंबियापुर स्टेशन के पास मंगलवार को आगरा से लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस का इंजन खराब हो गया, जिससे ट्रेन को मेन लाइन पर रोकना पड़ा। 25 मिनट बाद ट्रेन को रूरा स्टेशन पहुंचाया गया, जिसके बाद झींझक स्टेशन से मालगाड़ी के इंजन को भेजकर करीब एक घंटे बाद ट्रेन को रवाना किया जा सका।
आगरा से लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस मंगलवार को जैसे ही अंबियापुर स्टेशन के पास पहुंची, उसी दौरान इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे चालक ने 9:30 बजे ट्रेन को अंबियापुर स्टेशन की मेन लाइन पर खड़ा कर दिया। वहीं तकनीकी टीम ने इंजन की खामी को दूर करने का प्रयास किया, लेकिन सुधार न होते देख करीब 25 मिनट बाद चालक ने रूरा स्टेशन की लूप लाइन पर लाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद झींझक में खड़ी डाउन मालगाड़ी के इंजन को रूरा पहुंचा कर 11:03 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस को रवाना किया जा सका। इस बीच ट्रेन में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन मास्टर अंबियापुर कृष्ण कुमार ने बताया की आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन में खराबी आने के कारण मेन लाइन पर 25 मिनट खड़ी रही थी। स्टेशन मास्टर, रूरा आदर्श कुमार ने बताया की आगरा-लखनऊ इंटरसिटी के इंजन में खराबी आने के कारण 10 से 11:03 बजे तक खड़ी रही थी। झींझक से आए मालगाड़ी के इंजन को ट्रेन मे जोड़कर रवाना किया गया था।