कायमगंज। घरों में होने वाले गीले और सूखे कूड़े का सद्पयोग किए जाने की नगर पालिका ने कवायद शुरू कर दी है। गीले कूड़े का कंपोस्ट खाद बनाने और सूखे कूड़े को कंपनी से संपर्क कर बेचने की तैयारी शुरू की गई है। इसलिए नगर पालिका अध्यक्ष ने दो प्रकार की डस्टबिन लगे 25 रिक्शा सफाई कर्मचारियों को बांटे है।
नगर पालिका कायमगंज क्षेत्र में 25 वार्ड है। नगर पालिका अध्यक्ष सुनील कुमार चक ने प्रत्येक वार्ड से गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग उठवाने के लिए बुधवार को 25 कूड़े के रिक्शे सफाई कर्मचारियों को बांटे। इन रिक्शों में दो रंग की डस्टबिन लगी है। एक हरे रंग की डस्टबिन गीला कूड़ा और नीले रंग की डस्टबिन सूखा कूड़ा डलवाने
के लिए है। नगर पालिका अध्यक्ष ने मोहल्ले में प्रत्येक घरों में इन्हीं रंग की दो-दो डस्टबिन बंटवाई थी। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि कूड़ा डंप करने के लिए धर्मपुर के पास जगह देखी गई है। जो गीला कूड़ा आएगा, उसका खाद बनाने में प्रयोग किया जाएगा और सूखे कूड़े को बेच दिया जाएगा। इसके लिए कंपनियों से बात चल रही है। खाद बनाने के लिए भी कूड़ा का प्रयोग किए जाने की बात चल रही है। इस दौरान रामसिंह, सुदेश गंगवार, अरुण दुबे, झगड़ू यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
कूड़ा उठाने को बांटे गए 25 रिक्शे
गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग डलवाया जाएगा
दोनों प्रकार के कूड़ा का सद्पयोग करने की कवायद
अमर उजाला ब्यूरो