अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। राजपूत रेजीमेंट सेंटर में हुए भव्य समारोह में कर्नल आफ द रेजीमेंट की बेटन लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती को दी गई। वह रेजीमेंट के 17वें कर्नल आफ द रेजीमेंट बने। एक सितंबर से विधिवत चार्ज लेंगे। उन्होंने ने सेंटर के उत्थान और विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराने को प्राथमिकता बताया।
शनिवार को रेजीमेंट के ओपन सिनेमाहाल में आयोजित विशेष सम्मेलन में लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती ने कहा कि निवर्तमान कर्नल आफ द रेजीमेंट लेफ्टिनेंट जनरल आरजे नरोन्हा ने सेंटर के विकास के लिए जो योजनाएं चला रखीं हैं, उन्हें और गति प्रदान की जाएगी। सेंटर को प्रत्येक क्षेत्र में अव्वल बनाने का हरसंभव प्रयास करेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल आरजे नरोन्हा ने कहा कि भारतीय सेना में आरआरसी का स्थान बहुत ऊपर है। रेजीमेंट सेंटर सैनिक का घर होता है। सेंटर से ही नौकरी शुरू होती है और यहीं समाप्त होती है।
इससे पूर्व दोनों अधिकारियों ने करियप्पा मैदान स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र चढ़ाकर शहीदों को नमन किया। पदभार मुक्त हो रहे लेफ्टिनेंट जनरल आरजे नरोन्हा को गार्ड आफ आनर दिया गया। मुकुंद ड्रिल स्क्वायर में अधिकारियों के स्वागत में कन्टीन्यूटी डिल का प्रदर्शन किया गया। 15 मिनट तक चले इस कार्यकम में जवानों ने तरह तरह के करतब दिखाए। नरोन्हा ने जवानों की ड्रिल से प्रसन्न होकर 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया।
लेफ्टिनेंट जनरल ठाकुर नत्थू सिंह के नाम पर निर्मित कांप्लेक्स का उद्घाटन किया। 31 राजपूत के जवानों से मिलकर उनकी हौसलाअफजाई की। बताते चलें कि निर्वतमान लेफ्टिनेंट जनरल आरजे नरोन्हा 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल को बेटन देकर चार्ज दिए जाने की औपचारिकता पूरी की गई। इस दौरान ब्रिगेडियर टीसी मल्होत्रा, डिप्टी कमांडेट कर्नल रविंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
-रेजीमेंट में आयोजित भव्य समारोह में लिया चार्ज
-लेफ्टिनेंट जनरल आरजे नरोन्हा को दिया गया गार्ड आफ आनर