कानपुर। पीडब्ल्यूडी 3.80 करोड़ रुपये से बिठूर विधानसभा क्षेत्र की 16 सड़कों की मरम्मत कराएगा। इसको लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन सड़कों के बनने से दो लाख से ज्यादा लोगों को फायदा होगा।
बिधनू किसाननगर भगवंतपुर मार्ग से कटरा भैसोर होते हुए कानपुर-सागर हाईवे को जोड़ने वाला रास्ता पिछले कई माह से खराब पड़ा है। इस वजह से यहां से निकलना मुश्किल हो गया है। इसी तरह संभरपुर हेतपुर मार्ग, भौंती गोशाला कलाकापुरवा, रमईपुर-कैंधा सचेंडी भाऊपुर मार्ग से जुगराजपुर मार्ग तक, भैलामऊ से जुगराजपुर मार्ग, फरसापुर से कैंधा सीढ़ी इटारा, रमईपुर कैंधा सचेंडी मार्ग से अकबरपुर होते हुए नहर तक संपर्क मार्ग की मरम्मत होगी।
मझावन से लुधौरी मार्ग, जामू से लालूपुर खड़ंजे तक, ईश्वरीगंज से लाल्हेपुर मार्ग से ऐंती संपर्क मार्ग, ऐंती से रायपुर मार्ग, बिधनू रेलवे फीडर मार्ग, जमरही नहर पुल से कठारा रेलवे स्टेशन मार्ग, कल्याणपुर शिवली मार्ग से रैकेपुर मार्ग सहित अन्य दो मार्गों को दुरुस्त किया जाएगा। इसी माह के अंतिम तक में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। अधीक्षक अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़कों पर काम शुरू कराया जाएगा।