झींझक (कानपुर देहात)। मंगलपुर थाना क्षेत्र के औरंगाबाद झड़ा गांव में वैन की टक्कर लगने से कच्ची दीवार व छत ढह गई, जिसमें दबकर दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए। आनन-फानन में ग्रामीणों व परिजनों ने मलबे से निकाल कर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रविवार को मंगलपुर थाना क्षेत्र के औंरगाबाद झड़ा गांव निवासी रवींद्र व पत्नी अलका, भाई की पत्नी शीला पत्नी श्याम बाबू अपने कच्चे मकान में थी। इसी दौरान वैन की टक्कर लगने से कच्ची दीवार व छत ढह गई, जिससे तीनों मलबे में दब गए। आनन-फानन में परिजनों ने तीनों को झींझक सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल भेजा गया है। सीएचसी के अधीक्षक डा. राजेश कुमार ने बताया कि तीनों के मलवे में दबने से सिर व शरीर में गंभीर चोटें होने के कारण जिला अस्पताल भेजा गया है। इंस्पेक्टर मंगलपुर तुलसी राम पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।