अमर उजाला ब्यूरो
डेरापुर। थाना क्षेत्र के कान्धी गांव के पास शनिवार रात हाईवे पर सांड़ से टकराकर सड़क पर गिरे युवक को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कार की टक्कर लगने से घायल की मदद कर रहे तीन लोग भी घायल हो गए। इसमें एक को गंभीर हालत के चलते कानपुर रेफर कर दिया गया है। मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
सिलौहला बुजुर्ग गांव निवासी अनिल कुमार (28) शनिवार रात बाइक पर कांधी गांव के पास हाईवे पर बने ढाबे पर दूध देने गया था। लौटते समय करीब 11:15 बजे मयंक शेखर डिग्री कालेज के सामने उसकी बाइक सांड़ से टकरा गई। इससे अनिल सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया। कानपुर नगर के बर्रा निवासी दीपक गौतम, कोरौवा निवासी दशरथ और गौरियापुर निवासी मुलायम घायल अनिल की मदद मेें लगे थे। इसी बीच औरैया की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने मददगारों को टक्कर मारने के साथ घायल अनिल को कुचलते हुए निकल गई।
मृतक के भाई सुनील ने आरोप लगाया कि कार के चालक हरिओम निवासी अजमेर राजस्थान ने लापरवाही से कार चलाकर अनिल को रौंदा है। इससे मौके पर ही अनिल की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष रामबहादुर पाल ने बताया कि कार की टक्कर से घायल दीपक, दशरथ व मुलायम को जिला अस्पताल भेज गया। गंभीर हालत के चलते दीपक को कानपुर रेफर कर दिया गया। मृतक के भाई की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अनिल की मौत से पत्नी रीना, दो बच्चों, पिता बलवान और मां समेत परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
शिवली कोतवाली क्षेत्र के दो सड़क हादसों में 11 लोग घायल हो गए। इसमें चार को सीएचसी से कानपुर रेफर कर दिया गया। घायलों में सैनिक दंपति कानपुर के गुजैनी का रहने वाला है।
कल्यानपुर से बैरी सवाई जा रहे टेंपो पर्वत पुरवा गांव के समीप टायर फटने से खड्ड में पलट गया। हादसे में शुक्लनपुरवा निवासी लालमन शुक्ला, उनकी पत्नी सरोज, बैरी सवाई निवासी पिंकी, दुंदपुर निवासी करिश्मा, तातमउ निवासी राममिलन, शोभन निवासी देवेंद्र घायल हो गए। लोगों ने उन्हें सीएचसी भेजा। दूसरा हादसामैथा नहर रोड पर हुआ। एमटी श्रीकांत अग्रहरि ने बताया कि सैनिक सत्य प्रकाश पत्नी मुन्नी के साथ बाइक पर रसूलाबाद से गुजैनी कानपुर नगर जा रहे थे। उनकी बाइक में दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपति और दूसरी बाइक में सवार मकरंदपुर बंथा निवासी नीरज, झकरगड़ा निवासी प्रेम कुमार व अरशदपुर निवासी अनिल कुमार घायल हो गए। दंपति को सीएचसी से एयरफोर्स अस्पताल और अनिल कुमार व प्रेम कुमार को कानपुर रेफर कर दिया गया। एसआई कल्लू प्रसाद ने बताया कि अभी किसी की तरफ से तहरीर नहीं मिली है।
सांड़ से टकराकर गिरे युवक को कार ने रौंदा
घायल की मदद में लगे तीन लोग भी कार की चपेट में आकर जख्मी
कानपुर के मददगार की हालत गंभीर, रेफर किया गया
फोटो संख्या 03एकेबीपी21-मृतक अनिल का फाइल फोटो