कानपुर देहात। नहरों में मवेशियों के शव मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। मंगलवार को महाराजपुर गांव के पास खारजा नहर में 15 से अधिक मवेशियों के शव पड़े मिले। ग्रामीणों की सूचना पर एसडीएम आनंद कुमार ने दोपहर बाद तहसीलदार को भेजा। उन्होंने शाम तक जेसीबी बुलाई गई लेकिन अंधेरा होने के कारण नहर से शव नहीं निकाले जा सके। शवों को बुधवार को निकलवाया जाएगा।
एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार ऋषिकांत राजवंशी, लेखपाल सुधीर कुमार, गिरजेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, राजबाबू कटियार को लेकर दोपहर बाद नहर पर पहुंचे। तहसीलदार ने बताया कि नहर के पानी में छह गोवंश के शव पड़े दिखाई दे रहे हैं। तहसीलदार ने पशु चिकित्सक तेजेंद्र सिंह के साथ नहर से शव निकालने के लिए जेसीबी बुलवाई। जेसीबी आते आते अंधेरा हो गया। इससे शव नहर से नहीं निकाले जा सके। तहसीलदार ने बताया कि बुधवार को नहर से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मौके पर मौजूद गांव के राम सिंह ने बताया कि नहर में 15 से 20 गोवंश के शव पड़े हैं। ग्रामीणों ने सभी शवों को निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।