कानपुर देहात। जिले में संचालित परिषदीय स्कूलों की जांच करने के बाद 152 जर्जर चिह्नित किए गए हैं। इन स्कूलों का अब आकलन करने के बाद नीलामी की जाएगी। इसके बाद इन्हें ध्वस्त कर नए भवन का निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग के 1920 स्कूल हैं। इनमें से कुछ का विलय हो गया तो कुछ की स्थिति जर्जर थी। खतरे के बीच शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों को लेकर अमर उजाला ने लगातार अभियान चलाया। शासन ने खबर का संज्ञान लेते हुए स्कूलों की सुरक्षा व सुविधाओं का ऑडिट करने का निर्देश दिया। जिले में जिलाधिकारी व बीएसए ने टीम का गठन कर संचालित स्कूलों का सर्वे कराया है। टीम ने सभी स्कूलों में जाकर भवनों की स्थिति को देखा। साथ ही ग्रामीणों से बात कर सुविधाओं के विषय में जानकारी कर डीएम को रिपोर्ट सौंपी है।
बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार 10 विकास खंडों में सर्वे के बाद 152 स्कूलों को चिह्नित किए गए हैं, जिन्हें जर्जर की श्रेणी में रखा है। सर्वे में अधिकारियों छट टपकना, दीवारों में सीलन, दीवारों व छत में दरार, भवन काफी पुराना होना आदि खामियां मिली हैं। अब इन भवनों का लोक निर्माण विभाग के अधिकारी आकलन करेंगे। तब नीलामी के लिए बोली लगाई जाएगी। इसके बाद इन स्कूलों को ध्वस्त कर नए भवन के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। बजट आते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
....................
जर्जर भवन में नहीं चलेगी कक्षा, बीएसए के सख्त निर्देश
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी बीईओ व प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी किया है। बताया कि जर्जर अवस्था के भवनों में किसी भी स्थिति में कक्षाएं संचालित नहीं की जाएगीं। बच्चों को अतिरिक्त कक्ष में पढ़ाया जाएगा। इसके लिए सभी बीईओ स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। अगर किसी स्कूल में जर्जर भवन में कक्षा संचालित होते पाई जाएगी, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
..............
सीएम की सख्ती के बाद हरकत में आया शिक्षा विभाग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जर्जर स्कूल भवनों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। डीएम व बीएसए को निर्देश दिया है कि स्कूलों में जाकर सघन समीक्षा करें। विद्यालय के जर्जर भवनों को दुरुस्त कराने के साथ सफाई और बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने को कहा है। हरकत में आए शिक्षा विभाग ने स्कूलों का निरीक्षण कर सूची तैयार कर ली है। इसे शासन को भेजा जाएगा।
.....................
वर्जन
जिलाधिकारी ने टीम का गठन कर स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। टीम में शामिल अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, लोक निर्माण विभाग के अभियंता व खंड शिक्षा अधिकारियों ने स्कूलों का सर्वे किया है। जर्जर अवस्था में 152 स्कूल चिह्नित किए गए है। इनका जल्द ही आकलन करने के बाद नीलामी कर ध्वस्तीकरण का कार्य किया जाएगा। - अजय कुमार मिश्र, बीएसए, कानपुर देहात