झींझक(कानपुर देहात)। कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर असर पड़ा है। इससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन विलंबित होने के कारण लोग को अन्य विकल्पों का सहारा लेने के लिए मजबूर होना पड़ता है। बुधवार को भी कोहरे के कारण झींझक स्टेशन पर पैसेंजर के साथ ही एक्सप्रेस ट्रेनें भी विलंब से पहुंची, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और यात्री सर्दी में ही ठिठुरते रहे।
दिल्ली-हावड़ा रूट के झींझक रेलवे स्टेशन पर बुधवार को कोहरे के कारण कानपुर-टूंडला पैसेंजर, तूफान एक्सप्रेस, महानंदा, मुरी, इंटरसिटी सहित अन्य ट्रेनें विलंबित हो गई। इससे स्टेशन पर इंतजार कर रहे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। स्टेशन पर अप की कानपुर-टूंडला मेमू 3 घंटे, गोमती एक्सप्रेस 30 मिनट, तूफान एक्सप्रेस 4 घंटे, महानंदा एक्सप्रेस अनिश्चित तथा अप की मुरी एक्सप्रेस 3 घंटे विलंबित रही। जबकि डाउन की शिकोहाबाद-कानपुर मेमू एक घंटे, आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटा, मुरी एक्सप्रेस 1 घंटा 30 मिनट, महानंदा एक्सप्रेस अनिश्चित कालीन विलंबित रहीं। इस कारण यात्रियों को न चाहते हुए भी डग्गामार वाहनों के साथ ही अन्य वाहनों से यात्रा के लिए मजबूर होना पड़ा। स्टेशन पर मौजूद औरंगाबाद के अमित तिवारी, परजनी के महेंद्र कुशवाहा, सुरासी के संतोष पाल, रामपुर के शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि कानपुर की तरफ जाने के लिए स्टेशन पर आए थे परंतु ट्रेनें लेट होने के कारण ठंड से परेशान होना पड़ रहा है। स्टेशन पर कैंटीन भी बंद है जिससे खाने-पीने की सामग्री के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ता है। स्टेशन अधीक्षक झींझक वेद प्रकाश ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनें विलंबित हुई हैं।